देवघर : श्रावणी मेले में यात्रियों व श्रद्धालुओं को सुविधा के लिए जसीडीह स्टेशन पर प्रीमियम एसी लाउंज तथा एसी प्रतीक्षालय का शुभारंभ आखिरकार मेले के चौथे दिन हो गया. यह सशुल्क प्रीमियम एसी लाउंज पूर्व रेलवे में पहला लाउंज है, इसमें प्लस सोफा चेयर और आरामदायक रिक्लाइनर लगे हुए है.
यहां यात्री अच्छे माहौल में आराम कर सकते हैं. इसके लिए प्रति यात्री 30 रुपये प्रति घंटा शुल्क लिया जायेगा. लाउंज में इंटीरियर डेकोरेशन काफी आकर्षक है तथा दीवारों पर कलात्मक व विरासत संबंधी तस्वीर के साथ आकर्षक लाइट लगे हैं. वहीं पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग बाथरूम बनाया गया है.
एसी प्रतीक्षालय की भी शुरुआत : जसीडीह स्टेशन में एसी प्रतीक्षालय की भी शुरुआत की गयी है. जसीडीह के पुराने भोजनालय को अनाधिकृत कब्जे से खाली कराते हुए उसे एसी प्रतीक्षालय का रूप दिया गया है. इसके हॉल में यात्रियों के बैठने की स्टील की मजबूत, आरामदायक व आधुनिक कुर्सियां लगायी गयी है.
यह सुविधा नि:शुल्क मिलेगी. इसके लिए यात्री के पास ट्रेन टिकट होना आवश्यक है.आसनसोल डिवीजन के डीआरएम पीके मिश्रा ने बताया कि यह प्रतीक्षालय को आधुनिक बनाया गया तथा यात्रियों को सुविधा मिल सके इसके लिए 30 प्रतिशत जगह को बढ़ाया गया है. यह श्रावणी मेले के तीर्थयात्रियों के लिए काफी उपयोगी होगा.
