देवघर : देवघर प्रधान डाकघर को प्रमंडल बनने में अभी और समय लगेगा. राज्य मुख्यालय ने दुमका प्रमंडल से काट कर देवघर प्रधान डाकघर को प्रमंडल बनाने का प्रस्ताव केंद्र मुख्यालय को भेजा था. इसके बाद सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने भी अपने स्तर से प्रस्ताव भेजकर पहल करने के लिए पत्राचार किया था. लेकिन, केंद्रीय मुख्यालय ने अपनी जांच में इन प्रस्तावों पर सवाल खड़े कर फाइल लौटा दी है व जवाब भी मांगा है. अब उन बिंदुओं पर काम करके प्रधान डाकघर फिर प्रस्ताव भेजेगा. फिलहाल जो भी हो प्रधान डाकघर को प्रमंडल बनने का इंतजार अभी बढ़ेगा.
दुमका प्रमंडल के अंदर चल रहे सभी प्रधान डाकघर : वर्तमान में संताल के सभी प्रधान डाकघर दुमका प्रमंडल के अंतर्गत संचालित हैं. ग्राहकों से लेकर विभागीय कर्मचारियों को भी काफी परेशानियों का सामना उठाना पड़ रहा है. विभाग के कई महत्वपूर्ण क्लेम के क्लियरेंस के लिए काफी परेशानी होती है. दुमका प्रमंडल का क्षेत्र काफी बड़ा होने की वजह से काम का लोड अधिक होने के कारण काम त्वरित गति से नहीं हो पाता.
क्या होगा फायदा
देवघर प्रधान डाकघर को अगर प्रमंडल का दर्जा मिलने पर इसके अंतर्गत तीन जिले होंगे. जामताड़ा, गोड्डा व देवघर का सारा काम यहां से होगा. यहां पर वरीय डाक अधीक्षक का पोस्ट होगा.प्रमंडल का दर्जा मिलने से लोगों को पीएलआइ, आरपीएलआइ, एसबी, आरपी, एनएसीकेबीपी पीएलआइ, आरपी सेविंग विशेष मृत दावा के अलावा एक दर्जन से अधिक कामों के लिए ग्राहकों को दुमका का चक्कर नहीं लगाना होगा. सभी कर्मचारियों की छुट्टी की अनुमति भी यहीं से मिल जायेगी.
