देवघर : राज्य सरकार की ओर से देवघर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार लाने के लिए विभाग की ओर से जिले में अबतक नौ 108 एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की गयी है. यह सुविधा जसीडीह व मोहनपुर सीएचसी छोड़कर सदर अस्पताल से लेकर जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मिलेगी. इससे गरीब, असहाय तथा दुर्घटनाग्रस्त लोगों को अस्पताल तक जाने में सुविधा होगी.
यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ कृष्ण कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि फिलहाल जिले में जसीडीह व मोहनपुर सीएचसी में 108 एंबुलेंस सेवा की शुरुआत नहीं की जा सकी है. जल्द इन दोनों सीएचसी में भी शुरुआत की जायेगी. साथ ही कहा कि श्रावणी मेला के पहले कुल 15 की संख्या में 108 एंबुलेंस सेवा शुरू की जायेगी. इससे श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं को यह सुविधा का लाभ मिलेगा. सीएस ने बताया कि एक लाख की आबादी पर एक एंबुलेंस सेवा दी जानी है. एंबुलेंस में ट्रेंड ड्राइवर, एएनएम, एनिस्थिसिया, ओटी असिस्टेंट, ड्रेसर के साथ जीवन रक्षक दवा व उपकरण, ट्रेंड स्टाफ भी होंगे.
जिले में अबतक कुल नौ एंबुलेंस 108 सेवा में दिये गये
कहां-कहां मिलेगी 108 एंबुलेंस सेवा की सुविधा
देवघर सदर अस्पताल
सारवां सीएचसी
सारठ सीएचसी
करौं सीएचसी
पालाजोरी सीएचसी
मधुपुर अनुमंडल अस्पताल
मारगोमुंडा सीएचसी
सोनारायठाढ़ी सीएचसी
कैसे लें सुविधा का लाभ
108 एंबुलेंस सेवा नि:शुल्क है. यह सुविधा लेने के लिए मरीजों को 108 नंबर पर कॉल करना होगा. इसके बाद अपनी पूरी जानकारी देनी होगी. जिसमें नाम, पता, बीमारी जैसी जानकारी होगी. इसके बाद कुछ मिनटों में ही यह एंबुलेंस घटनास्थल तथा आपके घर तक पहुंच जायेगी. इस एंबुलेंस के जरिये मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाया जायेगा.
