हंटरगंज. लेंजवा पंचायत के भकोइया टोला में रविवार शाम तालाब में डूबने से 26 वर्षीय युवक मंटून चौधरी की मौत हो गयी. मृतक की पहचान भकोइया टोला निवासी चूही मल्लाह के पुत्र के रूप में हुई है.
पैर फिसलने से गहरे पानी में गया युवक
बताया गया कि मंटून चौधरी अपने एक मित्र के साथ शौच करने तालाब के पास गया था. इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया. मित्र के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मंटून को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर मुखिया जोगिंदर यादव और एसआइ संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए चतरा भेज दिया. मुखिया और पंसस विनोद यादव ने मृतक के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.
मुआवजे की मांग
युवक की मौत से उसकी पत्नी समेत परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग से मुआवजा देने की मांग की है.
