चतरा. शहर के झुमड़ा मुहल्ला स्थित वाइन गोदाम के समीप शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गये. पीड़िता की पहचान झुमड़ा मुहल्ला निवासी ममता तांबी (पति संदीप तांबी) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार ममता तांबी राखी खरीदने के लिए बाजार गयी थीं. खरीदारी करने के बाद वह वापस अपने घर लौट रही थीं.
इसी दौरान विपरीत दिशा से एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे. दोनों ने हेलमेट पहन रखा था. बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेज गति से फरार हो गये. चेन छीनने के दौरान महिला के गले पर हल्की खरोंच भी आयी. घटना के बाद महिला ने सदर थाना पहुंचकर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ आवेदन दिया और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की.
इस संबंध में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाला जा रहा है. जिसके आधार पर छिनतई करने वाले अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है.
