48 लाख के अफीम व डोडा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

बगरा-चतरा पथ पर बजराही के पास मैदान में पुलिस का छापा

कार्रवाई. बगरा-चतरा पथ पर बजराही के पास मैदान में पुलिस का छापा चतरा. सिमरिया पुलिस ने बगरा-चतरा पथ स्थित बजराही के पास मैदान से 48 लाख की अफीम व डोडा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. इनकी पहचान सिमरिया थाना क्षेत्र के लुतीडीह गांव निवासी जीवलाल गंझू (पिता स्व लालधन गंझू) व इचाक कला गांव निवासी मो फैजान मलिक (पिता इस्लाम मलिक) के रूप में की गयी़ तस्करों के पास से 7.196 किलोग्राम अफीम, 78.4 किलो डोडा के अलावा एक लूना बाइक व दो मोबाइल फोन जब्त किया गया. अफीम व डोडा को यूपी व बिहार में खपाने की योजना थी. यह जानकारी एसपी अनिमेष नैथानी ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि बजराही के पास मैदान में कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के आधार पर छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम उक्त मैदान पहुंची, तो पुलिस वाहन को देख कर लोग भागने लगे. जवानों के सहयोग से दो लोगों को पकड़ा गया, वहीं दो लोग जंगल का लाभ उठा कर फरार हो गये. दोनों ने पूछताछ में बताया कि अफीम की खरीद-बिक्री के लिए आये हुए थे, लूना की डिक्की में अफीम रखी हुई है. भागने वालों में इचाक कला के हैदर खान व दिलावर खान शामिल हैं. लूना में रखी अफीम को जब्त किया गया. इसके बाद जीवलाल गंझू के घर से भी अफीम व डोडा जब्त किया गया. इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया. वहीं फरार तस्करों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है. छापामारी टीम में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहेब के अलावा सीओ गौरव राय, थाना प्रभारी सूर्यप्रताप सिंह, एनडीपीएस थाना प्रभारी मो शमी अंसारी व कई जवान शामिल थे. 60 लाख के डोडा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार : लावालौंग पुलिस ने इचाहर वन क्षेत्र से 60 लाख के डोडा व पोस्ता दाना के साथ एक तस्कर इचाहर गांव के कैलाश गंझू (पिता धनेश्वर गंझू) को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 361.52 किलोग्राम डोडा, 23.820 किलोग्राम डोडा व पोस्ता दाना का मिश्रण व 25.290 किलोग्राम पोस्ता दाना जब्त किया गया है. यह जानकारी एसपी अनिमेष नैथानी ने दी. उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि इचाहर के वन क्षेत्र में भारी मात्रा में डोडा का भंडारण किया गया है, जिसे बिक्री करने की योजना है. सूचना के आधार पर छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने छापामारी अभियान चलाया. इस दौरान चार लोगों को देखा गया, जिनमें एक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन लोग भागने में सफल रहे. गिरफ्तार व्यक्ति की निशानदेही पर तीन अलग-अलग स्थानों से डोडा जब्त किया गया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर का आपराधिक इतिहास रहा है. इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर गिरफ्तार तस्कर को जेल भेज दिया गया. छापामारी टीम में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहेब, लावालौंग थाना के एसआई विधायक प्रसाद यादव, वाजिद अली व कई जवान शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >