रात में संभाली थाने की कमान, सुबह बदल गया आदेश... चतरा में तीन थाना प्रभारी वापस लौटे

चतरा जिले में तीन थाना प्रभारियों के तबादले का आदेश योगदान के कुछ घंटे बाद ही स्थगित कर दिया गया. पुलिस महकमे में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हैं.

चतरा. जिले में तीन थाना प्रभारियों की नयी पदस्थापना के आदेश को जारी होने के महज कुछ घंटे बाद ही बुधवार को स्थगित कर दिया गया. खास बात यह रही कि नवपदस्थापित तीनों थाना प्रभारियों ने मंगलवार की रात अपने-अपने थानों में योगदान भी दे दिया था. बुधवार को आदेश स्थगित होने के बाद उन्हें नयी जिम्मेदारी छोड़कर वापस लौटना पड़ा.

पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने जिले की पुलिसिंग व्यवस्था में बदलाव करते हुए संदीप कुमार को हंटरगंज, दिलेश्वर कुमार को गिद्धौर और अमित कुमार को कुंदा थाना प्रभारी बनाया था. आदेश जारी होने के बाद तीनों पदाधिकारियों ने मंगलवार की रात संबंधित थानों में योगदान दिया. हालांकि, बुधवार को अचानक तीनों की पदस्थापना का आदेश स्थगित कर दिया गया.

इसके बाद पुलिस महकमे में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयीं. हालांकि, पुलिस पदाधिकारी इस संबंध में कोई स्पष्ट वजह बताने से बच रहे हैं. विभागीय सूत्रों के अनुसार, कुछ तकनीकी समस्या के कारण फिलहाल पदस्थापना आदेश स्थगित किया गया है. जल्द ही संशोधित अथवा नया आदेश जारी किये जाने की संभावना है. इस घटनाक्रम के कारण योगदान देने के कुछ घंटे बाद ही तीनों थाना प्रभारियों को अपनी नयी जिम्मेदारी छोड़कर वापस लौटना पड़ा. अब पुलिस विभाग की ओर से जारी होने वाले संशोधित या नये आदेश पर सभी की नजर टिकी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मो. तसलीम

मो. तसलीम चतरा से 10 साल से प्रभात खबर के साथ जुड़े हैं. क्राइम रिपोर्टिंग, भ्रष्टाचार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि है. निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करना इनकी पहचान है. मो. तसलीम ने वर्ष 2025 में मार्खम कॉलेज, हजारीबाग से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की थी.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >