चतरा. सदर पुलिस ने चतरा-गया मुख्य पथ स्थित लरकुआ मोड़ से 2.05 किलो अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है. गिरफ्तार तस्कर की पहचान पवन कुमार यादव के रूप में हुई है. वह लावालौंग थाना क्षेत्र के कोलकोले गांव का रहने वाला है.
पंजाब जाने की तैयारी में था तस्कर
पुलिस ने आरोपी के पास से 2.05 किलो अफीम के अलावा 3150 रुपये नकद बरामद किए हैं. अफीम को दो पैकेट में रखा गया था.इस कार्रवाई की जानकारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने अनुमंडल कार्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अफीम लेकर पंजाब जाने की तैयारी में लरकुआ मोड़ के पास घूम रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल छापामारी टीम का गठन किया. टीम लरकुआ मोड़ पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़ने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा. जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
तलाशी में मिली अफीम
पुलिस ने पकड़े गए युवक की तलाशी ली तो उसके पास से दो पैकेट में रखी 2.05 किलो अफीम बरामद हुई. इसके साथ 3150 रुपये नकद भी मिले. मामले में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
ये भी पढ़ें: कुंदा थाना में अनोखा रक्षाबंधन समारोह, एकल अभियान की बहनों ने जवानों को बांधी राखी , सुरक्षा का लिया वचन
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान अफीम तस्करी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. छापामारी टीम में एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अलावा सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार भी मौजूद रहे.
