चतरा. मां भद्रकाली मंदिर में पूजा कर लौट रहा टेंपो शुक्रवार की दोपहर सदर थाना क्षेत्र के सरैया मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया. दुर्घटना में टेंपो चालक राकेश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं टेंपो में सवार चार लोग घायल हो गये. मृतक राजपुर थाना क्षेत्र के कोल्हैया गांव निवासी मेवा यादव का पुत्र था.
विश्वकर्मा पूजा पर खरीदा था टेंपो
जानकारी के अनुसार, राकेश यादव ने 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर टेंपो खरीदा था. शुक्रवार को वह अपनी ससुराल पक्ष के लोगों के साथ मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना करने गया था. पूजा के बाद सभी लोग टेंपो से सदर थाना क्षेत्र के गंधरिया गांव लौट रहे थे.
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया टेंपो
गंधरिया लौटने के दौरान सरैया मोड़ के समीप टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि राकेश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
चार लोग घायल
हादसे में नांदो यादव की पत्नी गायत्री देवी, टिकर यादव की पत्नी मुनिया देवी, उदय यादव की पुत्री शिवानी कुमारी और अंकित कुमार घायल हो गये. सभी घायल सदर थाना क्षेत्र के गंधरिया गांव के रहने वाले हैं.
