हंटरगंज: हंटरगंज में अनियमित विद्युत आपूर्ति और लगातार हो रही बिजली कटौती से त्रस्त हंटरगंज की जनता ने मंगलवार को सड़कों पर उतरकर विरोध जताया. लोगों ने किसान भवन से कैंडल मार्च निकालकर पूरे हंटरगंज बाजार का भ्रमण किया. साथ ही बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
हाथों में मोमबत्ती लिए काफी संख्या में लोग कैंडल मार्च में शामिल हुए. कैंडल मार्च हंटरगंज बाजार के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस किसान भवन पर समाप्त हुआ. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिजली दो, अन्याय नहीं सहेंगे,जागो बिजली विभाग जागो के नारे लगाए. कहा कि था कि हंटरगंज क्षेत्र में सात से आठ घंटे ही बिजली मिल रही है.
भीषण गर्मी व उमस में बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. व्यापारियों का कारोबार भी ठप हो गया है. बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा.
बिजली कार्यालय का घेराव किया जाएगा. कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने प्रशासन से मांग ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की कटौती बंद करने की मांग की. नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं दी जाती है तो विद्युत आपूर्ति के नाम पर गाड़े गए बिजली के खंबे और तार को भी विभाग उखाड़ कर ले जाए.
इस दौरान लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला. 24 घंटे के अंदर विद्युत आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर लोगों के द्वारा किए जाने वाले आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की गई. आंदोलन के दौरान चरणबद्ध तरीके से आमरण अनशन, स्वयंस्फूर्त बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया
