इलाज में लापरवाही का आरोप, गर्भवती महिला की मौत

एक बार फिर चिकित्सीय लापरवाही का सामने आया मामला

: एक बार फिर चिकित्सीय लापरवाही का सामने आया मामला चतरा. जिले में एक बार फिर कथित चिकित्सीय लापरवाही का मामला सामने आया है. न्यू बस स्टैंड के समीप स्थित एक नर्सिंग होम में इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गयी. परिजनों ने गलत इलाज और लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है. जानकारी के अनुसार, लावालौंग थाना क्षेत्र की सिलदाग पंचायत के चुकु गांव निवासी बैजंती देवी (20), पति लाटो गंझू को तीन जून को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. वह आठ माह से अधिक की गर्भवती थी. इलाज के दौरान नर्सिंग होम प्रबंधन ने परिजनों को बताया कि गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो चुकी है. परिजनों का आरोप है कि महिला में खून की कमी बताकर बिना आवश्यक जांच और क्रॉस मैचिंग प्रक्रिया पूरी किये रक्त चढ़ा दिया गया, जिससे उसकी तबीयत और बिगड़ गयी. स्थिति गंभीर होने पर नर्सिंग होम प्रबंधन ने शनिवार शाम महिला को घर भेज दिया. घर पहुंचने के बाद रात में उसकी मौत हो गयी. मृतका के परिजनों ने बताया कि इलाज के नाम पर उनसे 25 हजार रुपये लिये गये. इसके अलावा ऑपरेशन के लिए 40 हजार रुपये की मांग की जा रही थी. रक्त चढ़ाने के एवज में भी नौ हजार रुपये लिये गये. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर नर्सिंग होम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि नर्सिंग होम प्रबंधन की लापरवाही के कारण महिला की जान गयी है. उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी उक्त नर्सिंग होम पर कार्रवाई हो चुकी है. बताया जाता है कि पहले इस नर्सिंग होम का नाम दूसरा था, जिसे बाद में बदल दिया गया है. जांच कर होगी कार्रवाई : सिविल सर्जन सिविल सर्जन डॉ सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है. पूरे प्रकरण की जांच करायी जायेगी. महिला को चढ़ाया गया रक्त कहां से लाया गया था, इसकी भी जांच होगी. जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही पाये जाने पर नर्सिंग होम और उसके संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >