कुंदा: सिकीदाग पंचायत के लुकुईया-बूटकुईया गांव के खेल मैदान में सोमवार को किसान क्लब फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पंचायत की मुखिया अनिता देवी व पंचायत समिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि दिव्या भोक्ता शामिल हुईं। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन मैच में पिपराडीह ने नावाडीह को 2-0 से हराया, जबकि किसान क्लब कमेटी की टीम ने हेरनहोपा को 3-0 से पराजित किया।
इस मौके पर दिव्या भोक्ता ने कहा कि खेल से शारीरिक व मानसिक विकास होता है तथा अनुशासन इसकी सबसे बड़ी पहचान है। मुखिया अनिता देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिता के आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है।
मौके पर अखिलेश प्रसाद यादव, चनेश गंझू, शिक्षक इंद्रदेव यादव, अशोक यादव, किसान क्लब कमेटी के अध्यक्ष अमृत भोक्ता, राजेंद्र भोक्ता, सचिव संजय भोक्ता, उपसचिव शिबू भोक्ता, कोषाध्यक्ष प्रकाश भोक्ता सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
