टंडवा (चतरा) : चतरा जिले के टंडवा थाना परिसर में शुक्रवार को ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोग शामिल हुए. अध्यक्षता एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने की, जबकि संचालन पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी पप्पू शर्मा ने किया.
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई
बैठक में आगामी 26 अगस्त को मनाये जाने वाले ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गयी. टंडवा, बड़गांव, कामता, राहम, मिश्रौल, रहमत नगर, कबरा और सराढू समेत अन्य गांवों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया.
ये भी पढ़ें: सुविधाओं की कमी के बीच कोडरमा के आयुष ने रचा इतिहास, तीसरी बार राष्ट्रीय कुश्ती टीम में बनाई जगह
प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और सौहार्द कायम रखने की अपील की
इस दौरान बीते चार अगस्त को बड़गांव में हुई घटना को लेकर भी दोनों पक्षों के लोगों के साथ चर्चा की गयी. पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और सौहार्द कायम रखने की अपील की. बड़गांव से पहुंचे दोनों समुदायों के लोगों ने अपनी-अपनी बात रखी और आपसी एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया.
बैठक में दोनों समुदायों की ओर से एक-एक प्रतिनिधिमंडल का चयन करने का निर्णय लिया गया. दोनों प्रतिनिधिमंडल अगले दो-तीन दिनों में बैठक कर आपसी बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे. पुलिस प्रशासन ने पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी से सहयोग की अपील की.
ये भी पढ़ें: रांची के ब्लू पॉन्ड में युवक के डूबने से मचा हड़कंप, NDRF ने संभाला मोर्चा; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
