चतरा. जिले में आज भी बड़े पैमाने पर पोस्ता की फसल लहलहा रही है. कई क्षेत्रों में इन दिनों पोस्ता से अफीम निकलने का कार्य जारी है. सुबह-शाम लोग पोस्ता के फल में चीरा लगा कर अफीम निकालने का काम कर रहे है. इस कार्य में काफी संख्या में महिला-पुरूष मजदूर लगे हुए है. क्षेत्र में तस्कर सक्रिय है. बता दें कि प्रशासन की सख्ती के बावजूद इस बार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पोस्ता की खेती की गयी है. हालांकि पुलिस प्रशासन व वन विभाग ने संयुक्त रूप से पोस्ता विनष्टीकरण अभियान चला कर फसल को नष्ट किया है, लेकिन जहां अब तक पोस्ता को नष्ट नहीं किया जा सका है, वहां इन दिनों मजदूरों को लगा कर अफीम निकाला जा रहा है. जिले में सबसे अधिक पोस्ता की खेती लावालौंग थाना क्षेत्र में की गयी थी. इसके अलावा सदर थाना, वशिष्ठ नगर जोरी, हंटरगंज, राजपुर, कुंदा समेत अन्य थाना क्षेत्रों में की गयी थी लेकिन प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चला कर कई क्षेत्रों में पोस्ता की फसल को नष्ट कर दिया गया. बता दें कि हर वर्ष जिले में बड़े पैमाने पर पोस्ता की खेती होती है. इसके बाद करोड़ों का अफीम कारोबार होता है. कई लोग इस कारोबार से जुड़ कर मालामाल हो गये है.
इन क्षेत्रों में निकल रहा पोस्ता से अफीम
लावालौंग थाना क्षेत्र के कुंभिया, चाड़ी, सिलदाग में लावाश्शोखर, मरगड़ा, हुड़गुम्मा डेम के बगल में, असनाही, टेढ़ा खौरा, कुंदा थाना क्षेत्र के लावालौंग गांव, हंटरगंज के लूटा फटा, सदर थाना, वशिष्ठ नगर क्षेत्र कई क्षेत्रों में पोस्ता से अफीम निकालने का कार्य जोरों से जारी है.
अब तक 1442 एकड़ में लगा पोस्ता नष्ट किया गया
जिले में अब तक 1442 एकड़ में की गयी पोस्ता की खेती को नष्ट किया गया है, जिसमें सबसे अधिक लावालौंग थाना क्षेत्र में 924 एकड़ में की गयी पोस्ता की फसल को नष्ट किया गया. इसके अलावा वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र में 136, कुंदा थाना क्षेत्र में 151, सदर थाना क्षेत्र में 104, राजपुर थाना क्षेत्र में 97, हंटरगंज थाना क्षेत्र में 26, टंडवा थाना क्षेत्र में तीन व सिमरिया थाना क्षेत्र में एक एकड़ में लगी पोस्ता की खेती को नष्ट किया गया है. साथ ही उक्त थाना क्षेत्रों में 43 प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसमें 150 नामजद व काफी संख्या में अज्ञात शामिल है. अब तक 33 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. कई समान जब्त किया है.नोडल पदाधिकारी ने कहा
पोस्ता (अफीम) विनष्टीकरण अभियान के नोडल पदाधिकारी सह प्रशिक्षु डीएसपी वसीम रजा ने कहा कि लगातार पोस्ता विनष्टीकरण अभियान जारी है. जहां-जहां पोस्ता की खेती होने की सूचना प्राप्त हो रही है, वहां अभियान चला कर नष्ट किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पोस्ता की खेती करने व इसमें संलिप्त लोगो को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
