ट्रेलरों की हड़ताल से NTPC नॉर्थ कर्णपुरा में संकट, फ्लाई ऐश डेक फुल; बिजली उत्पादन पर मंडराया खतरा

एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा में फ्लाई ऐश की निकासी रुकने से बिजली उत्पादन पर संकट मंडरा रहा है. हाइवा एसोसिएशन के आंदोलन के कारण ट्रेलरों का परिचालन पूरी तरह ठप है.

टंडवा : चतरा जिले में हाइवा एसोसिएशन के आंदोलन के बाद फ्लाई ऐश ढुलाई में लगे ट्रेलरों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है. इससे एनटीपीसी पावर प्लांट से निकलने वाले उत्सर्जित राख (फ्लाई ऐश) की निकासी रुक गयी है. ऐसे में एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा में बिजली उत्पादन पर संकट गहराने की आशंका है. विभागीय सूत्रों के अनुसार, एनटीपीसी का फ्लाई ऐश डेक पूरी तरह भर चुका है, जिसे खाली करना आवश्यक है.

एनटीपीसी पावर प्लांट में प्रतिदिन करीब 30 हजार टन कोयले की खपत होती है. इसमें करीब 40 प्रतिशत हिस्सा फ्लाई ऐश के रूप में बाहर निकलता है. इस तरह प्रतिदिन करीब 12 हजार टन फ्लाई ऐश का उत्सर्जन होता है. रेट कांट्रेक्ट लेकर फ्लाई ऐश ढुलाई का काम करने वाले ट्रांसपोर्टर ट्रेलरों के परिचालन बंद रहने से राख की निकासी नहीं कर पा रहे हैं. अधिकारियों की मानें, तो जल्द फ्लाई ऐश की निकासी शुरू नहीं हुई, तो एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा से बिजली उत्पादन प्रभावित हो सकता है.

वर्तमान में 1980 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है

वर्तमान में पावर प्लांट की तीनों यूनिट से करीब 1980 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है. यहां से झारखंड समेत पांच राज्यों को बिजली की आपूर्ति की जा रही है. ऐसे में फ्लाई ऐश डेक के भर जाने से उत्पादन प्रक्रिया पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जतायी जा रही है.

गौरतलब है कि हाइवा एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश साव के नेतृत्व में ट्रेलरों के परिचालन के विरोध में आंदोलन किया गया था. एसोसिएशन ने पावर प्लांट में कोयले की ढुलाई करीब एक सप्ताह तक ठप करा दी थी. इससे कोयले की कमी के कारण पावर प्लांट के बंद होने की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी. इसके बाद एनटीपीसी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के हस्तक्षेप से सीमित संख्या में ट्रेलर चलाने को लेकर समझौता हुआ था. इसके बाद से ट्रेलरों का परिचालन बंद है.

कोयला ढुलाई बंद कराने की चेतावनी

एक ट्रांसपोर्टर ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से ट्रेलर चलाने पर दोबारा कोयला ढुलाई बंद कराने की चेतावनी दी गयी है. इसी वजह से ट्रेलरों का परिचालन पूरी तरह बंद है. यदि जल्द ही ट्रेलरों का परिचालन शुरू नहीं हुआ, तो फ्लाई ऐश की निकासी नहीं होने से एनटीपीसी में बिजली उत्पादन प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है.

ये भी पढ़ें: कुजू में ई-ऑक्शन कोयले की हाइवा से ढुलाई के विरोध में 26 अगस्त से तोपा परियोजना बंद करने की चेतावनी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >