चतरा नगर परिषद चुनाव को लेकर नामांकन आज से

चुनाव को लेकर 26 भवनों में 42 मतदान केंद्र बनाये गये हैं

चुनाव को लेकर 26 भवनों में 42 मतदान केंद्र बनाये गये हैं चतरा. चतरा नगर परिषद चुनाव को लेकर गुरुवार से नामांकन पर्चा दाखिल करने प्रक्रिया शुरू हो जायेगी, जो चार फरवरी तक चलेगी. दिन के 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पर्चा दाखिल किया जायेगा. अध्यक्ष पद का नामांकन समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता के समक्ष किया जायेगा. वहीं वार्ड पार्षद पद का नामांकन नगर परिषद कार्यालय में लिया जायेगा. इस बार नगर परिषद अध्यक्ष पद अनारक्षित (अन्य) के लिए आरक्षित है. ऐसे में सभी वर्ग के उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं. यह जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने बुधवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में प्रेस काॅन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने कहा कि चुनाव में 35 हजार 562 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिसमें पुरुष 17 हजार 525 व महिला मतदाताओं की संख्या 18 हजार 37 है. नगर परिषद अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों का प्रत्यक्ष निर्वाचन गैर-दलीय आधार पर संपन्न होगा. चुनाव को लेकर 26 भवनों में 42 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिसमें 20 सामान्य व 22 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं. उन्होंने कहा कि 29 जनवरी से चार फरवरी तक नामांकन पर्चा, पांच फरवरी को स्क्रूटनी, छह फरवरी को नाम वापसी व सात फरवरी को चुनाव चिह्न आवंटन का तिथि निर्धारित है. 23 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा. वहीं 27 फरवरी को चतरा कॉलेज में मतगणना का कार्य होगा. उपायुक्त ने कहा कि मतदान केंद्रों का निरीक्षण शुरू हो गया है, ताकि मूलभूत सुविधाएं बिजली, पानी व अन्य सुविधाएं सुनिश्चित की जा सके. निरीक्षण कर बेस्ट मतदान केंद्र को पिंक व आदर्श मतदान केंद्र बनाया जायेगा. विभिन्न कोषांगों का गठन किया जा रहा है. उन्होंने राजनीतिक दल, प्रत्याशियों व संबंधित लोगों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने की बात कही. उपायुक्त ने मतदाताओं से लोकतंत्र के पर्व में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की. साथ ही निर्भीक, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण वातावरण में मताधिकार का प्रयोग करने की बात कही. मौके पर डीडीसी अमरेंद्र कुमार सिन्हा, एसी अरविंद कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी, डीपीआरओ शकील अहमद उपस्थित थे. बैलेट पेपर से होगा चुनाव नगर परिषद का चुनाव बैलेट पेपर से होगा. अध्यक्ष के लिए पिंक स्लिप व वार्ड पार्षद के लिए व्हाइट स्लिप में वोट डाला जायेगा. चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी छह लाख तक व वार्ड पार्षद के प्रत्याशी डेढ़ लाख तक खर्च कर पायेंगे. अध्यक्ष पद के नामांकन फॉर्म के लिए पांच हजार, एससी, एसटी व महिला वर्ग के लिए 2500 व वार्ड पार्षद पद के नामांकन फॉर्म के लिए एक हजार, एससी, एसटी व महिला वर्ग के लिए 500 रुपये भुगतान करना होगा. उपाध्यक्ष का अप्रत्यक्ष होगा चुनाव इस बार नगर परिषद उपाध्यक्ष पद का चुनाव नहीं होगा, बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों द्वारा ही नगर परिषद उपाध्यक्ष का चयन किया जायेगा. वहीं अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान से होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >