चतरा से दीनबंधू और मो तस्लीम की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले में टंडवा पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने लेवी मांगने, धमकी देने और आगजनी की घटना में शामिल जेजेएमपी के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान रविंद्र सिंह उर्फ रविंद्र सिंह खरवार के रूप में हुई है. रविंद्र सिंह लोहरदगा जिले के जोबांग थाना क्षेत्र स्थित पहाड़गीर गांव का रहने वाला है. पुलिस ने उसे उसके घर से छापेमारी कर गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
डीएसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी
इस मामले की जानकारी डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी. उन्होंने बताया कि आरोपी लंबे समय से जेजेएमपी संगठन से जुड़ा हुआ था और क्षेत्र में लेवी वसूली और दहशत फैलाने की गतिविधियों में शामिल था. डीएसपी ने बताया कि आम्रपाली कोल परियोजना में माइनिंग और ट्रांसपोर्टिंग का कार्य कर रही एनसीसी लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को कई दिनों से टीएसपीसी और जेजेएमपी संगठन के नाम पर धमकी भरे फोन कॉल किए जा रहे थे.
ट्रक में लगाई थी आग
पुलिस के अनुसार 24 जनवरी 2026 की रात एनसीसी कंपनी का एक वोल्वो ट्रक कोल उत्खनन कार्य में लगा हुआ था. इसी दौरान पांच अज्ञात अपराधियों ने ट्रक को रोक लिया. अपराधियों ने ट्रक के सुपरवाइजर और चालक के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की. इसके बाद ट्रक के अगले हिस्से पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से जेजेएमपी संगठन के नाम से एक पर्चा भी बरामद किया गया था. पर्चे में शिव जी के नाम से कंपनी को लेवी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी.
कंपनी अधिकारियों को दी जा रही थी धमकी
डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आगजनी की घटना के अगले दिन यानी 25 जनवरी 2025 की सुबह एनसीसी कंपनी के अधिकारियों को फिर से धमकी भरा फोन आया था. फोन करने वाले ने खुद को जेजेएमपी संगठन का लीडर शिव जी बताया और कंपनी से लेवी की मांग की. पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू की थी. जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी रविंद्र सिंह की संलिप्तता सामने आई.
गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुरुवार को गुप्त सूचना मिली कि मामले का अप्राथमिकी अभियुक्त रविंद्र सिंह अपने गांव स्थित घर पहुंचा हुआ है. सूचना मिलते ही टंडवा पुलिस ने विशेष छापेमारी टीम का गठन किया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहाड़गीर गांव में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान आरोपी भागने की कोशिश कर सकता था, लेकिन टीम ने सतर्कता बरतते हुए उसे दबोच लिया.
इसे भी पढ़ें: चतरा में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के सभी लंबित मामलों का निष्पादन, 20 मामलों में 20.24 लाख का जुर्माना
छापेमारी टीम में शामिल थे कई पुलिसकर्मी
इस अभियान में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा, एसआई सुनील सिंह और कई पुलिस जवान शामिल थे. पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में नक्सली और उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. डीएसपी ने कहा कि लेवी मांगने, भय पैदा करने और विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी संगठनों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है. उन्होंने आम लोगों और कंपनियों से भी अपील की कि किसी भी प्रकार की धमकी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
इसे भी पढ़ें: पुलिस ने पीछा किया तो ट्रैक्टर ने महिला को रौंदा, मौत के बाद छह घंटे तक सड़क जाम
