चतरा.सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में मंगलवार को पिरामल फाउंडेशन की ओर से आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया. जिसका उद्घाटन सिविल सर्जन डा. सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया. सिविल सर्जन ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं व आवश्यक स्वास्थ्य सामग्रियों की उपलब्धता, उचित भंडारण, स्टॉक प्रबंधन तथा मांग व आपूर्ति की बेहतर योजना बनाने को लेकर कर्मियों की क्षमता बढ़ाना है.
उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं की निर्बाध उपलब्धता के लिए प्रभावी आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में एसएनओ डा. प्रदीप कुमार ने आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन और डीवीडीएमएस के प्रभावी उपयोग से संबंधित जानकारी दी. प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गयी.
कार्यक्रम के प्रारंभ में पिरामल फाउंडेशन की टीम ने संबंधित पदाधिकारियों को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. प्रशिक्षण के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. प्रशिक्ष्ज्ञण में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल व अनुमंडलीय अस्पताल के फार्मासिस्ट, स्टोर कीपर, हॉस्पिटल मैनेजर और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर मौजूद थे.
