मयूरहंड में बारिश से पुल का एप्रोच पथ धंसा, एक दर्जन से अधिक गांवों का आवागमन प्रभावित

मयूरहंड के एकतारा पुल का एप्रोच पथ बारिश के कारण धंस गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. प्रशासन से मरम्मत की मांग की गई है.

मयूरहंड: लगातार हो रही बारिश के कारण प्रखंड क्षेत्र के एकतारा भुईयां टोली के समीप स्थित पुल का एप्रोच पथ धंस गया है. एप्रोच पथ के धंसने से सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों के अनुसार स्थिति को देखते हुए यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. बताया गया कि उक्त पुल एकतारा और पंदनी पंचायत के एक दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर स्थित है. इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण आवागमन करते हैं. ग्रामीणों के अलावा स्कूली बच्चे, बाइक सवार और अन्य वाहन चालक भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं. एप्रोच पथ के धंस जाने के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है.

बारिश से सड़क किनारे की मिट्टी लगातार कट रही है

बारिश के कारण सड़क के किनारे की मिट्टी लगातार कट रही है. इससे एप्रोच पथ का धंसा हुआ हिस्सा और अधिक खतरनाक होता जा रहा है. रात के समय इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ जाता है. यदि किसी वाहन चालक का संतुलन बिगड़ता है, तो वह दुर्घटना का शिकार हो सकता है.

एप्रोच पथ के धंस जाने से परेशानी और बढ़ गयी है

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पहले से ही बारिश के कारण प्रभावित है. अब पुल के एप्रोच पथ के धंस जाने से परेशानी और बढ़ गयी है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से स्थल का निरीक्षण कर जल्द से जल्द एप्रोच पथ की मरम्मत कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग कई गांवों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है. ऐसे में मरम्मत कार्य में देरी होने पर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए सड़क और पुल के आसपास के हिस्सों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने की भी मांग की है.

ये भी पढ़ें: तेजस्वी की जुबान फिसलने पर भड़के जीतन राम मांझी, बोले- लगता है बाबू साहब का रात वाला उतरा नहीं था


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >