ईद-उल-फितर उमंग व उल्लास से मनाया गया

ईद की नमाज के लिए ईदगाह व मसजिदों में लगी रही भीड़

त्योहार. ईद की नमाज के लिए ईदगाह व मसजिदों में लगी रही भीड़ चतरा. खुशियों का त्योहार ईद-उल-फितर जिले में शनिवार को उमंग व उत्साह के साथ मनाया गया. सुबह से ही ईदगाह व मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. ईदगाहों व विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ नमाज अदा की और देश की तरक्की, अमन-चैन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी. सदर प्रखंड कार्यालय स्थित ईदगाह में सबसे अधिक लोगों ने नमाज अदा की, जहां मौलाना कलीमुल्लाह ने सुबह साढ़े नौ बजे नमाज पढ़ाई. शहर ए काजी मुफ्ती नज़रे तौहिद ने दुआ कराया. इस मौके पर मौलाना आरिफ नदवी ने कहा कि इस्लाम धर्म इंसानियत, भाईचारा, शांति और बराबरी का संदेश देता है. इस्लाम सिखाता है कि हर व्यक्ति एक-दूसरे की मदद करे, गरीबों व जरूरतमंदों का ख्याल रखे और नफरत से दूर रहकर प्रेम व सद्भाव के साथ जीवन बिताये. उन्होंने कहा कि रमजान का महीना हमें सब्र, संयम और त्याग का पाठ पढ़ाता है, जबकि ईद का दिन अल्लाह की रहमत का प्रतीक होता है, जब वह अपने बंदों के गुनाह माफ कर उन्हें इनाम से नवाजते हैं. मौलाना जसीम ने कहा कि ईद का असली पैगाम अमन, चैन और खुशहाली का है. यह पर्व हमें सच्चाई के रास्ते पर चलने, आपसी भाईचारा बनाये रखने व समाज में प्रेम फैलाने की सीख देता है. उन्होंने लोगों को ईद के मौके पर सभी गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे को गले लगाने और समाज में सौहार्द्र का माहौल कायम करने की बात कही. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी. मुबारकबाद का सिलसिला सुबह से देर शाम तक चलता रहा. लोग लच्छा सेवई व अन्य व्यंजनों का लुत्फ उठाया. मुस्लिम बहुल इलाकों में दिनभर चहल पहल रही. लोग अहले सुबह उठ कर तैयार होकर ईदगाह व मस्जिद पहुंचकर नमाज अदा की. ईद को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया. ईद को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय दिखा. सभी मस्जिदों के पास व चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारी व जवान मुस्तैद रहे. सीओ अनिल कुमार, बीडीओ हरिनाथ महतो, थाना प्रभारी अवधेश सिंह क्षेत्र में विधि व्यवस्था का जायज लेते दिखे. वहीं नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई, उपाध्यक्ष प्रेमचंद साहू, राजद महिला प्रदेश अध्यक्ष रश्मि प्रकाश के अलावा पिंटू सिंह, नवलकिशोर यादव समेत अन्य ईदगाह पहुंच कर लोगों को ईद की बधाई दी. ईद मिलन समारोह का आयोजन : चतरा. शहर के हाई स्कूल के पास राजद नगर उपाध्यक्ष अब्दुल सलाम द्वारा ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी. आने जाने वाले लोगों के बीच शीतलपेय व पानी की बोतलों का वितरण किया गया. समारोह को सफल बनाने में मो यूसुफ, मिंटू, सैफ आदि ने अहम भूमिका निभायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >