सिमरिया में सड़क की बदहाली से पैदल चलना भी मुश्किल, गड्ढों-कीचड़ से परेशान ग्रामीणों ने की निर्माण की मांग

सिमरिया के एदला से मुरवे जाने वाली सड़क जर्जर होने से ग्रामीण परेशान हैं. कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. प्रशासन से मांग जारी.

सिमरिया (चतरा). प्रखंड के एदला से मुरवे गांव जाने वाली सड़क इन दिनों गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो गयी है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को एक गांव से दूसरे गांव आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. जगह-जगह बने गड्ढों और कीचड़ के कारण सड़क की स्थिति नारकीय हो गयी है और लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन में भी परेशानी

सड़क की जर्जर स्थिति से छोटे-बड़े वाहनों के चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश होने के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है. कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे किसान

सड़क खराब होने का असर किसानों पर भी पड़ रहा है. कीचड़ के कारण किसान सब्जियों की तुड़ाई के लिए खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. इससे उन्हें समय पर सब्जियों को बाजार तक पहुंचाने में भी परेशानी हो रही है.

ये भी पढ़ें: डोमचांच में जर्जर यात्री शेड, बारिश में सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करते हैं यात्री

कई गांवों के एक हजार से अधिक लोग प्रभावित

इस सड़क से एदला, पुंडरा, डाड़ी, मुरवे, कटिया और धनगड्ढा समेत कई गांवों के एक हजार से अधिक लोगों का आवागमन होता है. सड़क की बदहाली के कारण इन गांवों के लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है.

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं बनी सड़क

मुखिया शकुंतला देवी ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार विधायक और जिला प्रशासन से मांग की गयी है, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं.

रात में आवागमन करने से भी डरते हैं ग्रामीण

ग्रामीण अखिलेश कुमार ने कहा कि इस सड़क से आने-जाने में हमेशा परेशानी होती है. बारिश होने पर स्थिति और बदतर हो जाती है. रवींद्र कुमार, मीनू महतो, विजय महतो, प्रदीप कुमार और मुंद्रिका कुमार ने बताया कि सड़क खराब होने के कारण रात में इस रास्ते से गुजरने से पहले भी सोचना पड़ता है.

सांसद, विधायक और प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग

मुखिया और ग्रामीणों ने सांसद, विधायक एवं जिला प्रशासन से जर्जर सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण होने से कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी.

ये भी पढ़ें: मयूरहंड में 14 सितंबर से गणेश महोत्सव, भव्य पंडाल और मेले की तैयारियां तेज

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By धर्मेंद्र गुप्ता

धर्मेंद्र गुप्ता कुंदा से 2010 से प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, भ्रष्टाचार, बाल विवाह और नशामुक्ति जैसे मुद्दों को प्रमुखता देते हैं. जनहित की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर रिपोर्टिंग करते रहते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >