चतरा के हंटरगंज में दो लाख की सुपारी देकर दिव्या की कराई गई हत्या, मामले में एक गिरफ्तार

चतरा के हंटरगंज में दिव्या कुमारी की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा किया। प्रेमी ने दो लाख की सुपारी देकर हत्या करवाई थी, एक आरोपी गिरफ्तार।

चतरा: झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान से 26 जून को बरामद युवती दिव्या कुमारी के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने बताया कि बंद खदान से बरामद युवती के शव की पहचान दिव्या के रूप में हुई है और उसकी हत्या दो लाख रुपये की सुपारी देकर कराई गई थी. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत खरांटी गांव निवासी नेपाली गंझू के रूप में हुई है. यह जानकारी जानकारी बुधवार को एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.

डोभी अछमा गांव की निवासी है दिव्या कुमारी

एसडीपीओ ने बताया कि मृतका दिव्या कुमारी बिहार के डोभी थाना क्षेत्र के अछमा गांव की रहने वाली थी. उसका शेरघाटी थाना क्षेत्र के कुबड़ी गांव निवासी राहुल यादव के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. किसी विवाद को लेकर दिव्या ने राहुल के खिलाफ मामला दर्ज करायी थी. मामला न्यायालय में विचाराधीन है.

कोर्ट में गवाही से बचने के लिए रची हत्या की साजिश एसडीपीओ ने बताया कि जांच में मामला सामने आया कि राहुल लगातार दिव्या पर दर्ज मुकदमा को वापस लेने का दबाव बना रहा था. लेकिन दिव्या इंकार कर रही थी. राहुल को आशंका था कि दिव्या न्यायालय में उसके खिलाफ गवाही देगी तो उसे सजा हो सकती है. इसी डर से उसने दिव्या को रास्ते से हटाने की साजिश रची.

प्रेमी राहुल ने नेपाली गंझू को दी थी सुपारी

एसडीपीओ ने बताया कि राहुल ने नेपाली गंझू को दो लाख रुपये की सुपारी देकर दिव्या की हत्या कराने की योजना बनाई. योजना के तहत दोनों ने मिलकर दिव्या की गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को हंटरगंज के जजलो गांव की बंद पड़ी पत्थर खदान में ले जाकर फेंक दिया.

पुलिस ने ऐसे सुलझाई हत्या की गुत्थी

शव मिलने के बाद हंटरगंज थाना में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने विशेष जांच शुरू की. जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक जांच और विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में सफल रही. इसी क्रम में नेपाली गंझू को गिरफ्तार किया गया.

मुख्य आरोपी राहुल की तलाश जारी

मुख्य आरोपी राहुल यादव की तलाश जारी है.उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. छापेमारी अभियान में हंटरगंज थाना के इंस्पेक्टर विपिन कुमार, थाना प्रभारी प्रभात कुमार शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dinbandhu thakur

Published by: Kumarvishwat Sen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >