चतरा. उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त-सह-मतदाता सूची प्रेक्षक विजय कुमार गुप्ता बुधवार को चतरा परिसदन भवन पहुंचे, जहां अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इस दौरान उन्हें गार्ड-ऑफ-ऑनर दिया गया. इसके बाद परिसदन सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सांसद व विधायक प्रतिनियों के साथ बैठक की. जिसमें एसआईआर से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गयी.
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-02 से पुनरीक्षण कार्य में आवश्यक सहयोग करने की अपील की गयी. इसके बाद चतरा व सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों व प्रखंड कार्यालयों का निरीक्षण कर एसआईआर 2026 के तहत चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया. आयुक्त ने कान्हाचट्टी प्रखंड की बकचुमा पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 496 बकचुमा पूर्वी, 497 कोशमाडीह व 498 बकचुमा पश्चिमी का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली और संबंधित कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की.
कान्हाचट्टी व सिमरिया प्रखंड कार्यालय पहुंचकर सभागार में चल रहे दावा-आपत्ति शिविर का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों व कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर एसआईआर से संबंधित सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य में लगे बीएलओ व अन्य कर्मी अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें और मतदाताओं को आवश्यक जानकारी व सहयोग उपलब्ध करायें.
18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे. मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र कुमार समेत संबंधित पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे.
