: शौच के लिए घर से निकला था, फिर नहीं लौटा हंटरगंज. प्रखंड के जबड़ा पंचायत स्थित पांडेयडीह एक नंबर चेकडैम से मंगलवार को पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया. मृतक की पहचान जबड़ा गांव निवासी दिलीप भोगता (30) के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. परिजनों के अनुसार, दिलीप भोगता रविवार की शाम शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा. इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. उस समय उसकी पत्नी अपने मायके जोरी गयी हुई थी. परिजनों को आशंका थी कि वह अपनी पत्नी के पास चला गया होगा. सोमवार की शाम जब पत्नी घर लौटी और दिलीप के बारे में जानकारी ली, तब परिजनों की चिंता बढ़ गयी. इसके बाद उसकी खोजबीन तेज कर दी गयी. मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण चेकडैम की ओर गये, जहां पानी में एक शव दिखायी दिया. ग्रामीणों ने इसकी सूचना अन्य लोगों और पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक के पिता बिनेशर सिंह ने जबड़ा पंचायत के उप मुखिया मुसाफिर यादव पर हत्या कर शव चेकडैम में फेंकने का आरोप लगाया है. वहीं उप मुखिया मुसाफिर यादव ने आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है. थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चेकडैम में डूबने से मौत का प्रतीत होता है. हालांकि मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
चेकडैम से मिला युवक का शव, हत्या का लगाया आरोप
शौच के लिए घर से निकला था, फिर नहीं लौटा
