मो० तसलीम की रिपोर्ट चतरा. शहर के नगवां मुहल्ला निवासी सीआरपीएफ जवान सुनील कुमार सिंह के बंद घर को चोरों ने शुक्रवार की रात निशाना बनाया. चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और गोदरेज व पलंग के लॉक तोड़कर करीब 1.50 लाख रुपये नकद तथा 18.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात समेत जमीन से संबंधित कागजात और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए.
घर को खाली पाकर घटना को दिया अंजाम
घटना के संबंध में सीआरपीएफ जवान ने सदर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे वह पूरे परिवार के साथ अपने पैतृक गांव हंटरगंज गए थे. घर में एक किराएदार भी रहता है, लेकिन वह भी कहीं बाहर चला गया था. घर को खाली पाकर चोरों ने रात में चोरी की घटना को अंजाम दिया.
पड़ोसियों के फोन से मिली चोरी की जानकारी
शनिवार सुबह करीब 6 बजे पड़ोसियों ने फोन कर घर का ताला टूटे होने की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद जवान घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाने पर गोदरेज का लॉक और दीवान पलंग के ड्रॉअर के ताले भी टूटे मिले. जवान के अनुसार, घर से सोने-चांदी के कई आभूषण, करीब 1.50 लाख रुपये नकद, जमीन से संबंधित जरूरी कागजात और अन्य सामान गायब थे. किराएदार के कमरे का ताला भी टूटा हुआ मिला.
पुलिस ने शुरू की छानबीन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने चोरी की घटना से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. सीआरपीएफ जवान ने थाना प्रभारी से चोरों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: 100 रुपए दो, तभी लिखेंगे आवेदन ! चतरा सदर थाना का पुराना वीडियो वायरल, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
जल्द होगा चोरी का खुलासा : थाना प्रभारी
सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही चोरी की घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा.
