कान्हाचट्टी. प्रखंड के बेँगोकला पंचायत के बारहमासी गांव में बुधवार को भाकपा माले कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. बैठक में आगामी श्रद्धांजलि सभा के आयोजन को लेकर अंतिम तैयारियों पर चर्चा की गयी. साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तय की गयी.
भाकपा-माले के जिला सचिव मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि श्रद्धांजलि सभा में जिलेभर से पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा बुद्धिजीवी व समाजसेवी शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल किसी व्यक्ति को याद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक बदलाव व लोगों के हक-अधिकार की रक्षा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है.
उन्होंने कहा कि शहीदों ने जिस सामाजिक बदलाव व समानता का सपना देखा था, उसे पूरा करने के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाना जरूरी है. इसके लिए कार्यक्रम के उद्देश्य व संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है. बैठक में श्रद्धांजलि सभा के प्रचार-प्रसार व तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. मौके पर धनेश्वर सिंह, रुपलाल सिंह, बाबूलाल पासवान, हिरण भुइयां, सोहर सिंह, तिलेश्वर गंझू, चरित्र भुइयां, दीपक उरांव, भेखा सिंह, गोविंद सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
