टंडवा से वरुण सिंह की रिपोर्ट
टंडवा(चतरा). खान सुरक्षा निदेशक अजीत कुमार ने आम्रपाली कोल परियोजना का दौरा किया. आम्रपाली पहुंचने पर महाप्रबंधक संजीव कुमार व पीओ सतेंद्र सिंह ने उनका स्वागत किया. आम्रपाली पहुंचने पर जीएम कार्यालय में निदेशक ने समीक्षा बैठक की, जहां लेबर कोड व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
श्रमिकों की सुरक्षा और दुर्घटना रोकथाम पर चर्चा
इस दौरान उन्होंने कोल परियोजना में लागू लेबर कोड व सेफ्टी मैनेजमेंट प्लान की समीक्षा की. उन्होंने डीजीएमएस के नियमों के अनुपालन व सुरक्षा को लेकर की गयी तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से ली. बैठक में श्रमिकों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन, संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर चर्चा हुई.
सुरक्षा में लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश
खान सुरक्षा निदेशक ने अधिकारियों से खदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रिपोर्ट भी ली. उन्होंने कहा कि कोयला उत्पादन के साथ श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. अजीत कुमार ने कहा कि डीजीएमएस द्वारा निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाये. नियमों की अनदेखी अथवा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही.
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
मौके पर अनूप भगत समेत सीसीएल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे
ये भी पढ़ें: चतरा में सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बोलेनो, एक युवक की मौत; दो गंभीर रूप से घायल
