चतरा से मो तसलीम की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा शहर में इन दिनो मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है, जिससे लोगो को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शाम होते ही मच्छरों की संख्या बढ़ जाती है. जिसके कारण घरो से लेकर बाहर तक लोगों का रहना मुश्किल हो गया है. मच्छरो के बढ़ते प्रकोप से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. नगर परिषद व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
शहर में बढ़ रहा मच्छरों का प्रकोन
सबसे बड़ी बात यह है कि 40 लाख की फॉगिंग मशीन नगर परिषद की शोभा बढ़ा रही है. चार माह से पूरी तरह फॉगिंग मशीन का उपयोग बंद है. इसके पहले कभी-कभार फॉगिंग मशीन शहर में निकलता था. नियमित रूप से फॉगिंग मशीन का उपयोग नहीं होने से शहर में दिन-प्रतिदिन मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है.
लोगों की नींद नहीं हो रही पूरी
मच्छरों के कारण रात में लोगो की नींद पूरी नहीं हो पा रही है. लोग सुबह में देर तक या दोपहर में सोकर नींद पूरी कर रहे हैं. जिससे लोगो के स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है. लोग मच्छरों से बचने के लिए क्वाईल, अगरबत्ती, ऑलआउट समेत अन्य का सहारा ले रहे है.
अक्टूबर 2022 में खरीदी गई थी फॉगिंग मशीन
शहर के लोगों को मच्छर के प्रकोप से राहत दिलाने के लिए 30 अक्टूबर 2022 को 40 लाख रुपये से फॉगिंग मशीन वाहन खरीदी गयी थी, तब लोगों को लगा था कि अब मच्छर के प्रकोप से राहत मिलेगी. लेकिन फॉगिंग मशीन खरीदारी के बाद से कभी भी नियमित रूप से उपयोग नहीं किया गया है. इस तरह जिस उद्देश्य से फॉगिंग मशीन खरीदी गयी थी, उसका लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है.
क्या कहते हैं शहर के लोग
अमित कुमार ने कहा कि मच्छर का इतना प्रकोप बढ़ गया हैं कि घर के बाहर रहना मुश्किल हो रहा है. मो मोदस्सीर ने कहा कि फॉगिंग मशीन नहीं चलने से मच्छर का सामना करना पड़ रहा है. हमेशा मलेरिया और अन्य बीमारी का खतरा बना रहता है. शहर के लोगो ने उपायुक्त से फॉगिंग मशीन चालू कर नियमित रूप से चलाने की मांग की, ताकि मच्छर से राहत मिल सके.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में सज गया ईद बाजार, खरीदारों की उमड़ने लगी भीड़
क्या कहते हैं नगर परिषद अध्यक्ष
नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई ने कहा कि फॉगिंग मशीन शहर में नियमित रूप से उपयोग कराया जायेगा. इसके लिए संबंधित पदाधिकारी व कर्मी को निर्देश दिया गया है. वहीं सिटी मैनेजर रोहित डेविड गुड़िया ने कहा कि फॉगिंग मशीन में लगा बैट्री खराब है, जिसे बदल कर फॉगिंग मशीन शुरू कराया जायेगा.
इसे भी पढ़ें: चतरा में एसएसबी जवान ने की आत्महत्या, रायफल से खुद को मारी गोली
