चतरा से मो तसलीम की रिपोर्ट
Maiya Samman Yojana: झारखंड के चतरा जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ पाने वाली महिलाएं इन दिनों काफी परेशान हैं. सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत मिलने वाले पैसे अब तक लाभुकों के खातों में नहीं पहुंच पाया है. इससे हजारों महिलाएं रोजाना बैंक और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं.
दूसरे जिलों में मिला भुगतान, चतरा में इंतजार
मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं का कहना है कि सूबे के कई दूसरे जिलों में जनवरी और फरवरी महीने की राशि एक साथ खाते में भेज दी गई है. वहां महिलाओं को पांच-पांच हजार रुपये का भुगतान मिल चुका है, लेकिन चतरा जिले में अब तक एक भी किस्त नहीं आई है. इससे यहां की महिलाओं में असंतोष और चिंता का माहौल है.
बैंक और कार्यालयों के चक्कर लगा रहीं महिलाएं
राशि की आस में महिलाएं हर दिन अपने-अपने बैंक शाखाओं में पहुंच रही हैं और खाता अपडेट करवा रही हैं. हालांकि, बार-बार एक ही जवाब मिलने से वे निराश होकर लौट जा रही हैं. इसके अलावा कई महिलाएं सामाजिक सुरक्षा कार्यालय और प्रखंड कार्यालय जाकर भी जानकारी लेने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन वहां भी उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिल पा रहा है.
बड़ी संख्या में हैं योजना के लाभुक
जानकारी के अनुसार, चतरा जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के कुल 1 लाख 74 हजार 491 लाभुक हैं. इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं का भुगतान लंबित होना प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बन गया है. महिलाओं का कहना है कि यह राशि उनके दैनिक जीवन और परिवार की जरूरतों के लिए बेहद जरूरी है.
तकनीकी समस्या बनी देरी की वजह
इस पूरे मामले में जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी सुकरमनी लिंडा ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण भुगतान में देरी हो रही है. उन्होंने कहा कि जैसे ही तकनीकी दिक्कत दूर होगी, लाभुक महिलाओं के खाते में जनवरी और फरवरी दोनों महीनों की राशि एक साथ भेज दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें: महुआ भड़का रहा झारखंड के जंगलों में आग, देवघर के डिगरिया पहाड़ की चोटी चपेट में
जल्द भुगतान की मांग
लाभुक महिलाओं ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर भुगतान किया जाए. उनका कहना है कि यह योजना उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, ऐसे में देरी से उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल, चतरा की महिलाएं उम्मीद लगाए बैठी हैं कि जल्द ही उनके खाते में योजना की राशि पहुंच जाएगी. लेकिन जब तक पैसा नहीं आता, तब तक उनकी परेशानी और इंतजार दोनों जारी रहेंगे.
इसे भी पढ़ें: प्रिंस खान के गुर्गों पर मंडरा रहा काल, आठ दिन के अंदर धनबाद पुलिस के दूसरे एनकाउंटर से अपराधियों में खौफ
