हंटरगंज. हंटरगंज-प्रतापपुर मुख्य मार्ग स्थित डाहा जंगल के समीप रविवार देर शाम हथियार के बल पर बाइक लूट कर भाग रहे दो अपराधियों को ग्रामीणों ने धर दबोचा. बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया. पकड़े गये अपराधियों में इमामगंज थाना क्षेत्र के हरदासपुर के सुजीत कुमार व शेरघाटी हरिद्वारपुर के टुनटुन कुमार शामिल है. जानकारी के अनुसार इमामगंज थाना क्षेत्र के चिलोई गांव निवासी मनोहर कुमार बाइक से नानी घर काशीकेवाल जा रहा था. इस दौरान एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने ओवरटेक कर रोका और हथियार के बल पर उसकी बाइक लूट कर भागने लगे. इस दौरान मनोहर ने अपने मामा अमृत यादव को घटना की जानकारी दी. मामा ने ग्रामीणों के साथ काशीकेवाल गांव के पास लूट कर भाग रहे अपराधियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इसके बाद ग्रामीण दोनोें अपराधियों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. दुर्घटना के कारण दोनों जख्मी हो गये. वहीं एक अपराधी फरार हो गया. दोनों अपराधियों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल चतरा ले जाया गया. इसके बाद वहां से भी हजारीबाग रेफर कर दिया गया. जहां पुलिस की निगरानी में दोनों का इलाज चल रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
