वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के जोरीखुर्द गांव के पास सड़क हादसा जोरी. वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के जोरीखुर्द गांव के पास शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने मॉर्निंग वार्क में निकली एक महिला को चपेट में ले लिया, जिससे जोरीखुर्द निवासी अंजु देवी (53) पति कैलाश साव की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना उस वक्त घटी, जब महिला मॉर्निंग वार्क कर पूजा के लिए फूल लेकर घर लौट रही थी. सड़क के एक ओर जाम लगी थी, तो उक्त ट्रक ओवरटेक कर जा रहा था. इस दौरान महिला को चपेट में लिया. घटना से गुुस्साये परिजन व ग्रामीणों ने ट्रक चालक टिल्लु प्रसाद (गया जिला] वजीरगंज थाना क्षेत्र के बजौर गांव निवासी) को पकड़ लिया और जम कर उसकी पिटाई कर दी एक दर्जन वाहनों में तोड़फोड़ : घटना से गुस्साये लोगों ने इस दौरान एक दर्जन से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ कर दी. सूचना पाकर पुलिस वहां पहुंची और चालक को अपने में कब्जे में लिया. इससे लोग और उग्र हो गये और सड़क जाम कर दी. जाम की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जाम की सूचना मिलने पर एसडीओ जहुर आलम, डीएसपी मुख्यालय अमिता लकड़ा, सीओ रितिक कुमार, बीडीओ निखिल गौरव कमान कच्छप, थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह दल बल के साथ वहां पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत कराया, फिर जाम हटाया गया. पदाधिकारियों ने आपदा प्रबंधन से चार लाख मुआवजा, इंश्योरेंस का लाभ दिलाने व नो इंट्री लगाने का आश्वासन दिया. इस आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और जाम हटा लिया गया. सुबह छह बजे से दोपहर 12:30 बजे तक जाम रहा. पुलिस ट्रक को जब्त कर थाना ले आयी. वहीं शव को सदर अस्पताल चतरा में पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया.
मॉर्निंग वार्क पर निकली महिला को ट्रक ने रौंदा, मौत
वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के जोरीखुर्द गांव के पास सड़क हादसा
