प्रतिनिधि, जोरी वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के जोरीखुर्द स्थित मुरैनवा टोल प्लाजा के पास मंगलवार की रात साढ़े नौ बजे तेज रफ्तार ट्रक (जेएच 02 एडब्लू 0911) ने एक युवक को चपेट में ले लिया. जिससे मुरैनवा टोला निवासी विकास कुमार यादव (23) पिता गोपाल यादव की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. विकास गांव के सविंद्र यादव के घर शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहा था, इस दौरान ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया. घटना के बाद आसपास के लोगो ने ट्रक को पकड़ लिया. साथ ही चालक के साथ मारपीट करने लगे. इसकी सूचना पाकर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह दल बल के साथ वहां पहुंचे और चालक को अपने कब्जे में लिया. साथ ही ट्रक को जब्त कर थाना ले आया. घटना से गुस्साये मृतक के परिजन व ग्रामीणों ने चतरा-डोभी एनएच-22 पथ स्थित घटनास्थल के पास सड़क जाम कर दिया. जिससे सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी. लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा, सरकारी लाभ दिलाने व तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग पर अड़े हुए थे. सड़क जाम की सूचना पाकर बीडीओ निखिल गौरव कमान कच्छप, सीओ रितिक कुमार, प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार वहां पहुंच कर ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम हटाया. सड़क जाम साढ़े तीन घंटे रात दस बजे से डेढ़ बजे तक रहा. पदाधिकारियों ने सरकारी प्रावधान के तहत लाभ दिलाने, ट्रक पर कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद जाम हटा. इसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हुआ. पुलिस शव को कब्जे में कर बुधवार को सदर अस्पताल चतरा में पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया. घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं ग्रामीणों द्वारा की गयी मारपीट से घायल ट्रक चालक लातेहार निवासी मुकेश कुमार का इलाज हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.
ट्रक चालक ने शादी समारोह से लौट रहे युवक को रौंदा, मौत
ट्रक चालक ने शादी समारोह से लौट रहे युवक को रौंदा, मौत
