कार की डिक्की में गांजा और घर में शराब का जखीरा, चतरा में दो तस्कर गिरफ्तार; 9.15 किलो गांजा बरामद

हंटरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.150 किलोग्राम गांजा और अंग्रेजी शराब से लदी एक हुंडई कार जब्त की है. इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. जब्त गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.

चतरा : हंटरगंज पुलिस ने प्रतापपुर मोड़ स्थित भोंदल के पास कार्रवाई करते हुए 9.150 किलोग्राम गांजा और एक पेटी अंग्रेजी शराब लदी हुंडई कार (जेएच 01 एयू 5388) जब्त की. पुलिस ने मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में हंटरगंज थाना क्षेत्र के भोंदल गांव निवासी रोहित कुमार, पिता शिवरतन साव और हंटरगंज बाजार निवासी पवन कुमार, पिता ललन प्रसाद शामिल हैं.

जब्त गांजे की कीमत एनसीबी के अनुसार करीब साढ़े चार लाख रुपये है. इसकी जानकारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने सोमवार को अनुमंडल कार्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर दी.

कार की डिक्की से मिला गांजा

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि रोहित कुमार सफेद रंग की हुंडई कार में गांजा लादकर प्रतापपुर मोड़ के पास पहुंचा है. सूचना के आधार पर छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने भोंदल गांव के पास रोहित की कार खड़ी देखी. तलाशी लेने पर डिक्की से प्लास्टिक के दो बोरों में रखा 8.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.

पुलिस ने रोहित के घर में भी छापामारी की, जहां ओल्ड हैबिट कंपनी के एक पेटी में रखी 11 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई. प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी. पुलिस ने रोहित को मौके से गिरफ्तार कर लिया.

निशानदेही पर दूसरा तस्कर गिरफ्तार

रोहित की निशानदेही पर पुलिस ने मामले में संलिप्त पवन कुमार को हंटरगंज बाजार से 350 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया. इस तरह दोनों के पास से कुल 9.150 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.

इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार गांजा चतरा शहर में खपाने के लिए लाया जा रहा था. हालांकि गांजा कहां से लाया गया था और चतरा में कहां खपाने की योजना थी, इसकी जांच की जा रही है. घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है.

छापामारी टीम में पुलिस निरीक्षक सह हंटरगंज थाना प्रभारी विपिन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक नितेश कुमार प्रसाद, नवीनचंद्र सिंह, पांडेयपूरा पिकेट प्रभारी सुनील कुमार दुबे समेत कई जवान शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

शुभम राय झारखंड के सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ झारखंड की राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं पर खबरें लिखने में रुचि रखते हैं. तथ्यों की पड़ताल और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को सरल और प्रभावी तरीके से सामने रखना उनकी पत्रकारिता की प्राथमिकता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >