चांडिल से हिमांशु गोप की रिपोर्ट
Saraikela News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के रसूनिया पंचायत स्थित सुखसारी पुनर्वास गांव में जेएलकेएम कार्यकर्ता पर जेएलकेएम के कोल्हान अध्यक्ष समेत 15 से 20 नेताओं पर हमला करने और रंगदारी मांगने का आरोप है. यह आरोप जेएलकेएम के कार्यकर्ता की ओर से लगाया गया है. कार्यकर्ता फूलचंद महतो का आरोप है कि रविवार की देर रात 15-20 लोगों के पार्टी के कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो हथियार समेत उनके घर में घुस गए और उनके साथ मारपीट की. उन्होंने कहा कि वे उनके साथ गाली-गलौच करने के साथ जान से मारने की धमकी दे रहे थे. उनसे जबरन रंगदारी मांगी जा रही थी.
रंगदारी नहीं देने पर दी जान से मारने की धमकी
फूलचंद महतो ने बताया कि रविवार देर रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच चार गाड़ियों से 15-20 लोग उनके घर पहुंचे थे. उस समय सभी लोग नशे में थे और दरवाजा पीटते हुए धमकी दे रहे थे. उन्होंने बताया कि वह घर के ऊपरी कमरे से स्थिति देख रहे थे, जिसके बाद कुछ देर में सभी लोग वहां से चले गए. उसके बाद फिर सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वही लोग फिर से उनके घर पहुंचे और जबरन घर में घुसकर उनके साथ मारपीट करने लगे. इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और पांच लाख रुपये देने की मांग की गई. पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई.
सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट से बढ़ा विवाद
फूलचंद महतो ने बताया कि हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था, जिसके बाद से विवाद बढ़ गया. घटना के दौरान ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोगों की मदद से सात आरोपितों को पकड़ लिया गया. सूचना मिलने पर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और सात लोगों को पकड़ कर थाना ले गई. पुलिस ने दो वाहनों को भी जब्त किया है, जबकि दो अन्य वाहन मौके से भागने में सफल रहे.
पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
फूलचंद महतो ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि घटना के बाद उनका पूरा परिवार भयभीत है. वहीं, पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: रांची में घर बैठे ऐसे करें एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग, झख मारके सिलेंडर पहुंचाएगा गैसवाला
क्या कहते हैं जेएलकेएम के कोल्हान अध्यक्ष
जेएलकेएम कोल्हान के अध्यक्ष नवीन महतो ने कहा कि रविवार को फूलचंद महतो द्वारा सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट किया गया था. इसके बाद हम लोगों ने थाना को इसकी जानकारी दी. इसके बाद फूलचंद महतो से बात हुई और उसने माफी भी मांगी. हमने कहा कि लिखित रूप से थाना में माफी मांगिए. उन्होंने कहा कि सुबह घर पर आओ, घर में बात करते हैं. फिर घर आने पर हम लोगों के साथ मारपीट की गई.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में गैस के बाद अब खून का संकट, रिप्लेसमेंट पर दिया जा रहा ब्लड
