हाटगम्हारिया: प्रखंड की रुईया पंचायत अंतर्गत बागुन बांध साई में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है. शनिवार देर रात करीब 12 बजे हाथियों ने मिचु पिंगुवा के घर का दरवाजा तोड़कर घर में रखे करीब तीन से चार क्विंटल धान को खा लिया तथा काफी मात्रा में बर्बाद कर दिया. घटना के समय मिचु पिंगुवा दूसरे घर में सो रहे थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए.
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का झुंड पुम्पुलुई डैम के किनारे स्थित जंगल में डेरा डाले हुए है और आसपास के खेतों में लगी धान की फसल को भी लगातार नुकसान पहुंचा रहा है. हाथियों के भय से ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं.
जिला परिषद सदस्य प्रमिला पिंगुवा ने कहा कि वन विभाग को ग्रामीण स्तर पर गठित वन समितियों के माध्यम से लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहना चाहिए तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को सूचना देना भी आवश्यक है, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.
