चाईबासा में लगेगा कैम्प, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाना या सुधार करवाना हुआ आसान

पश्चिमी सिंहभूम में 8 और 9 अगस्त को विशेष मतदाता शिविर का आयोजन होगा. मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन के लिए अपने नजदीकी केंद्र पर जरूर जाएं.

चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 और 9 अगस्त को विशेष शिविर लगाया जाएगा. यह शिविर दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा. शिविर में लोग वोटर लिस्ट में नया नाम जुड़वा सकेंगे, नाम या अन्य जानकारी में सुधार करा सकेंगे और जरूरत पड़ने पर अपना मतदान केंद्र भी बदलवा सकेंगे.

जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि जिन भारतीय नागरिकों की उम्र 1 अक्तूबर 2026 तक 18 साल पूरी हो जाएगी और जिनका नाम अब तक वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ा है, वे प्रपत्र-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए जरूरी दस्तावेज और घोषणा-पत्र भी जमा करना होगा.

अगर किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या उनका बूथ घर से काफी दूर है, तो वे प्रपत्र-8 भरकर अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इससे मतदान के दिन लोगों को सुविधा होगी और बेवजह इधर-उधर नहीं जाना पड़ेगा.

घर बैठे भी कर सकते हैं आवेदन

निर्वाचन आयोग ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी है. लोग ECINET मोबाइल एप या voters.eci.gov.in पोर्टल के जरिए घर बैठे प्रपत्र-6 और प्रपत्र-8 भर सकते हैं. हालांकि, जरूरत पड़ने पर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा.

बूथ पर मौजूद रहेंगे बीएलओ

जिला निर्वाचन कार्यालय ने लोगों से अपील की है कि वे 8 और 9 अगस्त को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जरूर पहुंचें और वोटर लिस्ट से जुड़ा कोई भी काम समय पर पूरा करा लें. दोनों दिन बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे. वे आवेदन भरने, दस्तावेज जांचने और लोगों की हर संभव मदद करेंगे.

निर्वाचन विभाग ने साफ किया है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या किसी तरह का बदलाव कराने का अधिकार सिर्फ पात्र भारतीय नागरिकों को है. किसी भी विदेशी नागरिक को इस प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं है. जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से भी इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से छूट न जाए.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शीन अनवर

शीन अनवर वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक एवं स्नातकोत्तर तथा बी एड किया है. राजनीति, धर्म, शिक्षा के क्षेत्र में इन्होंने लंबा काम किया है. डिजिटल जर्नलिज्म में 5 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >