चाईबासा : चाईबासा शहर से सटी नीमडीह पंचायत के तुरी टोला गांव में चार दिनों से जलापूर्ति ठप है. ऐसे में 100 से अधिक परिवार पानी के लिए परेशान हैं. लोगों को दूसरे मोहल्लों और दूर-दराज के चापाकलों का सहारा लेना पड़ रहा है. मोहल्ले वासियों का कहना है कि चापाकलों और अन्य जलस्रोतों पर सुबह से कतार लग रही है.
सोलर आधारित जलमीनार भी दम तोड़ रही
लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नियमित निगरानी जरूरी है, ताकि तकनीकी खराबी या पाइपलाइन में समस्या आने पर तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की जा सके. तुरी टोला के लोगों ने बताया - वैकल्पिक व्यवस्था से सोलर आधारित जलापूर्ति योजना के तहत पूर्व में सोलर आधारित जलमीनार भी लगायी गयी थी. लेकिन, पावर कट और रखरखाव के कारण यह योजना भी दम तोड़ रही है.
छानकर पीना पड़ रहा पानी
स्थानीय लोगों ने बताया - पिछले दिनों हुई बारिश के कारण उन्हें बिना फिल्टर के पानी की सप्लाई की गयी थी, जो पीने लायक नहीं था. ऐसे में उन्हें आसपास के चापाकल का सहारा लेना पड़ा था. सक्षम लोग तो जार बंद पानी खरीदकर इस्तेमाल कर लेते हैं, पर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उसी पानी को कपड़े से छानकर पीना पड़ा था. इसी तरह मतकमहातु पंचायत के सदर प्रखंड कार्यालय से नेहरू चौक के आसपास के लोगों को चार दिनों तक जलापूर्ति नहीं होने के कारण चापाकलों की दौड़ लगानी पड़ी थी.
पंप हाउस पैनल में गड़बड़ी : अभियंता
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता ने बताया - बिजली फॉल्ट के कारण वाटर फिल्टर के पंप हाउस पैनल में गड़बड़ी आ गयी है. इस कारण जलमीनार में पानी नहीं चढ़ पा रहा था. शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे इसे दुरुस्त करा लिया गया है. जल्द ही जलापूर्ति शुरू करा दी जायेगी.
