कानून जानेंगे बच्चे, तभी अपने हक के लिए उठाएंगे आवाज, छात्रों को दी जानकारी

चक्रधरपुर के मारवाड़ी प्लस टू विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, विद्यार्थियों को बाल अधिकार, पॉक्सो एक्ट और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी.

चक्रधरपुर : बच्चों को अपने अधिकारों और कानून की जानकारी हो, ताकि किसी भी तरह के शोषण या अपराध के खिलाफ वे आवाज उठा सकें. इसी उद्देश्य से झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में मंगलवार को चक्रधरपुर के मारवाड़ी प्लस टू विद्यालय स्थित लीगल लिटरेसी क्लब में नि:शुल्क विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया. जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी के निर्देश पर आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को बच्चों के अधिकार, संरक्षण और कानून से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई.

POCSO एक्ट से बाल विवाह तक, गंभीर मामलों की दी जानकारी

शिविर में एलएडीसी अधिवक्ता सुरेंद्र दास ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की संरचना, उद्देश्य और कार्यप्रणाली के बारे में बताया. उन्होंने बच्चों के साथ होने वाले अपराध, यौन शोषण से सुरक्षा के लिए POCSO Act, बाल तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह जैसे गंभीर मामलों की जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी तरह के शोषण या अपराध की स्थिति में चुप नहीं रहने और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की.

बाल विवाह रोकने और जरूरतमंद बच्चों की मदद की जानकारी

अधिकार मित्र श्वेता रवानी ने बाल विवाह की रोकथाम के साथ मिशन वात्सल्य योजना के तहत मिलने वाले फोस्टर केयर और स्पॉन्सरशिप लाभ की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता नहीं हैं या जो एकल अभिभावक के साथ रह रहे हैं, उन्हें पात्रता के अनुसार हर महीने चार हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करायी जाती है.

डायन प्रथा के दुष्परिणाम बताए, नालसा ऐप की भी दी जानकारी

अधिकार मित्र राजशेखर ने डायन प्रथा से संबंधित कानून और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी. विद्यार्थियों को नालसा एप और नि:शुल्क विधिक सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया. शिविर में विद्यालय की प्राचार्या शोसन प्रभावती, शिक्षक हेमंत दास, पंकज प्रधान, अधिकार मित्र रीना प्रधान, राजशेखर रवानी, श्वेता रवानी समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप प्रमाणिक

प्रताप प्रमाणिक वर्ष 2002 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. उन्हें क्राइम और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग में विशेष विशेषज्ञता हासिल है. वर्तमान में वे प्रभात खबर में संवाददाता, चक्रधरपुर कार्यालय सह प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें डिजिटल जर्नलिज्म का तीन वर्षों का अनुभव है. अपने अनुभव, जमीनी रिपोर्टिंग और तथ्यपरक पत्रकारिता के दम पर उन्होंने एक विश्वसनीय और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बनाई है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >