बंदगांव. कराइकेला के बाउरीसाई काली मंदिर परिसर में गुरुवार को अग्नि परीक्षा व रजनी फोड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सैकड़ों भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ बाउरीसाई तालाब से स्नान कर पूजा-अर्चना की. इस दौरान भक्तों ने कलश यात्रा निकाली. मंदिर परिसर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की. पूजा के बाद 80 भक्तों ने अंगारों पर नंगे पैर चलकर अग्नि परीक्षा दी. छह भक्तों ने कील से अपने शरीर में छेद कर रजनी फोड़ा की परंपरा निभायी. अग्नि परीक्षा के बाद परासर महतो के नेतृत्व में छह भक्तों ने अपनी बांह में लोहे के नुकीले कील से छेद कर कैस घास को आर-पार किया. छेदे गये भक्तों को श्रद्धालुओं ने कैस घास के सहारे खींचते हुए मंदिर तक पहुंचाया. भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ बाउरीसाई ऊपर टोला से मंदिर तक जुलूस निकाला और पुनः पूजा-अर्चना की. मुखिया परमेश्वर महतो ने बताया कि सैकड़ों वर्ष पुरानी यह परंपरा आज भी गांव में जीवित है. पूजा पर भक्त अंगारों पर नंगे पैर चलना, लोहे की कील से शरीर में छेद करना जैसी भावनात्मक परंपराएं देखने को मिलती हैं. समाजसेवी नरेन्द्र प्रसाद महतो ने कहा कि 1850 से ग्रामीण यहां मां काली की पूजा कर रहे हैं. मान्यता है कि मां के दरबार में मांगी गयी मन्नतें पूरी होने पर भक्त बकरा या बतख की बलि देकर पूजा करते हैं. कार्यक्रम की सफलता में अध्यक्ष विंजय कुमार महतो, उपाध्यक्ष पवन कुमार महतो, सचिव अखिलेश महतो, कोषाध्यक्ष विनय कुमार महतो, उप कोषाध्यक्ष नीलकंठ कटियार, संगठन सचिव जितेंद्र महतो व श्रीनिवास महतो, शांतनु महतो, दीपक महतो, अभिलेख महतो, मानतानु महतो, रतन महतो, छोटेलाल महतो, अजय महतो, ताराचंद महतो, तुलसी महतो, बीजू प्रामाणिक, अमूल्य महतो समेत अन्य ग्रामीणों ने स्वयंसेवा के माध्यम से आयोजन में सक्रिय भूमिका निभायी.
डॉ विजय सिंह गागराई ने मां काली के दरबार में पूजा कर क्षेत्र की सुख-शांति मांगी
बंदगांव. कराईकेला पंचायत के बाउरीसाई गांव में काली पूजा पर आयोजित अग्नि परीक्षा व रजनी फोड़ा कार्यक्रम में समाजसेवी डॉ विजय सिंह गागराई पहुंचे और कमेटी के सदस्यों के साथ मां काली के दरबार में पूजा अर्चना कर क्षेत्र की सुख शांति की प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि लोगों की आस्था है कि यहां मां काली से जो भी मन्नतें मांगी जाती है वह पूरी होती है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
