गुवा: बड़ाजामदा-मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर स्थित सेंडेल घाटी में लगातार हो रही बारिश से हालात बद सा बदतर होते जा रहे हैं. घाटी से नीचे उतरने वाले हिस्से में सड़क पर कई लंबी और गहरी दरारें आ गयी हैं, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर सफर करना बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है. बारिश के चलते सड़क किनारे की मिट्टी लगातार खिसक रही है, जिससे सड़क का आधार पूरी तरह कमजोर पड़ता जा रहा है. स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सुरक्षा बैरियर के नीचे की जमीन भी अब धंसने लगी है.
यातायात के लिए प्रमुख लाइफलाइन, पर जर्जर हालात से बढ़ी चिंता
यह मार्ग बड़ाजामदा, मनोहरपुर व आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला सबसे महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. प्रतिदिन इस सड़क से भारी मालवाहक वाहनों, यात्री बसों, एंबुलेंस और अनगिनत दोपहिया वाहनों का भारी पैमाने पर आवागमन होता है. सड़क के किनारे की मिट्टी बह जाने से यदि जल्द ही इसकी मरम्मत नहीं कराई गयी, तो सड़क का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गहरी खाई में समा सकता है. इससे न केवल यातायात पूरी तरह ठप हो जायेगा, बल्कि किसी भी समय एक बड़ा सड़क हादसा भी घटित हो सकता है, जिससे स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों की चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं.
विभाग की अनदेखी से कभी भी घट सकती है बड़ी दुर्घटना
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस गंभीर समस्या से संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए तत्काल प्रभाव से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जाए, सड़क के किनारे मजबूत गार्ड वाल का निर्माण किया जाए व दूर से ही वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड स्थापित किए जाएं.
