Rahul Gandhi Chaibasa Visit: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा में चल रहे कांग्रेस के 10 दिवसीय शिविर में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी नहीं आएंगे. उनका चाईबासा दौरा रद्द कर दिया गया है. ट्राइबल रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर (टीआरटीसी) गुइरा में आयोजित का शिविर 31 मार्च 2026 मंगलवार को समापन हो जाएगा.
पार्टी को मजबूत करने के लिए शिविर का आयोजन
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी को मजबूत करने की खातिर झारखंड और ओडिशा के नवचयनित जिला अध्यक्षों के लिए यह शिविर आयोजित किया गया था. समापन समारोह में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की संभावना थी. हालांकि, अब राहुल गांधी का चाईबासा दौरा स्थगित हो गया है.
सोनिया गांधी की तबीयत खराब
शिविर प्रबंधन टीम के सदस्य सह कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने बताया कि कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने के कारण राहुल गांधी इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे.
इसे भी पढ़ें: चक्रधरपुर के दो वार्डों में पाइपलाइन से होगी जलापूर्ति, विधायक की पहल पर दूर हुआ जलसंकट
संगठन मजबूती और नेतृत्व विकास पर जोर
शिविर के दौरान झारखंड और ओडिशा के कांग्रेस जिला अध्यक्षों को दोनों राज्यों के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों द्वारा दस दिनों तक संगठन की मजबूती, नेतृत्व विकास और जनसंवाद से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और नए नेतृत्व को तैयार करना है. पार्टी इसे अपने भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रही है.
इसे भी पढ़ें: चाईबासा में कांग्रेस का 10 दिवसीय शिविर आज से शुरू, 31 मार्च को पहुंचेंगे राहुल गांधी
