Chaibasa News : टाटा व झारसुगुड़ा में नया कम्युनिटी हॉल बनेगा, 6000 रेलकर्मियों को होगा लाभ

चक्रधरपुर रेल मंडल में पीएनएम की बैठक आयोजित, 30 एजेंडों में 10 पर सहमति

चक्रधरपुर.

रेलवे की उत्पादकता एवं कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार लाने के लिए चक्रधरपुर रेल मंडल में दो दिवसीय 74वां स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक गुरुवार को शुरू हुई. डीआरएम तरुण हुरिया की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में रेल प्रशासन के कई अधिकारी और मेंस यूनियन के पदाधिकारी शामिल हुए. डीआरएम ने हर साल छह पीएनएम बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया.

दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन व डीआरएम तरुण हुरिया की मौजूदगी में 30 एजेंडों में पहले दिन 10 मुद्दों पर सहमति बनी. मेंस यूनियन के मंडल संयोजक मनोज सिंह ने बताया कि पीएनएम से रेल मंडल के करीब 23 हजार रेलकर्मियों की उम्मीदें जुड़ी हैं. इसे देखते हुए पीएनएम में सर्वाधिक 30 एजेंडों को रखा गया है. मुख्य एजेंडा में टाटानगर व झारसुगुड़ा में नया कम्युनिटी हॉल बनाने पर सहमति बनी. डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि प्रत्येक काम भविष्य की आवश्यकता के अनुरूप, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण किया जाये. साथ ही उनकी देखरेख व सुरक्षा बेहतर हो. इस बैठक में रेल मंडल के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व एआइआरएफ के शिवजी शर्मा, जवाहर लाल, एके सिंह, एके राय, आरएन साहा, एमपी गुप्ता, संजय सिंह, आरएस साहू, बीके प्रधान, राजा मुखर्जी, राजकुमार, एके माहकुंड, मो सलीम, एसके फरीद, पीके महापात्रा, बी राउत, एसएन शिव, संजय पाठक समेत चक्रधरपुर, टाटानगर, राउरकेला, झारसुगुड़ा, डांगुवापोसी, आदित्यपुर व अन्य सभी शाखा के सचिव व अध्यक्ष मौजूद थे.

रनिंग स्टाफ को साइडिंग माइलेज मिलेगा

चक्रधरपुर रेल मंडल में 27 नया साइडिंग खोला गया है. इसमें दिन-रात रनिंग स्टाफ काम कर रहे हैं. इनमें कुछ साइडिंग में रनिंग स्टाफ को साइडिंग माइलेज से वंचित रखा गया है. उन्हें मुख्य कार्मिक अधिकारी से स्वीकृति लेकर रनिंग स्टाफ को साइडिंग माइलेज दिया जायेगा.

रेलवे कॉलोनियों के बीच नहीं होगी झुग्गी व झोपड़ी

रेल मंडल के सभी स्टेशनों की रेलवे कॉलोनियों के बीच अवैध झुग्गी व झोपड़ी नहीं होगी. जो भी झुग्गी व झोपड़ी एवं अवैध कब्जा है, उसे तत्काल हटाया जायेगा. ताकि रेलकर्मियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो. इस पर रेलवे ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई का आदेश दिया है.

रेलवे कॉलोनियों में बच्चों का मनोरंजन स्थल बनेगा

रेलकर्मियों के बच्चों के खेलने के लिये मनोरंजन व खेल स्थल बनाया जायेगा. साथ ही रेलवे क्षेत्र के जो भी पार्क व खेल मैदान नशेड़ियों का अड्डा व कीचड़मय है. ऐसे पार्क व खेल मैदानों की घेराबंदी कर विकसित किया जायेगा.

रेलवे अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की बहाली होगी

रेल मंडल में नर्सिंग स्टाफ के कुल 65 स्वीकृत पद हैं. इसमें 11 पद रिक्त हैं. इन पदों पर जल्द नर्सिंग स्टाफ की बहाली होगी. इसकी 9 पदों पर बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं नर्सिंग के नये पद स्वीकृत किया जायेगा. इससे रेलवे अस्पतालों में नर्सिंग स्टाफ की कमी दूर होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >