प्रतिनिधि, जैंतगढ़
जैंतगढ़ का नया बाजार चौक जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है. साल के तीन से चार महीने तक यहां पानी जमा रहता है. हल्की बारिश में भी चौक तालाब जैसा हो जाता है, जबकि मूसलाधार बारिश होने पर पूरा इलाका टापू में बदल जाता है. पानी दुकानों में घुस जाता है और जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
मुख्य मार्ग होने के बावजूद नहीं बनी जल निकासी व्यवस्था
स्थानीय निवासी विनय साह ने बताया कि नया बाजार चौक जैंतगढ़ का मुख्य द्वार है. इसी रास्ते से पंचायत भवन, हाई स्कूल, बेसिक स्कूल, मदरसा, मुख्य बाजार और नया बाजार कॉलोनी के लोग आते-जाते हैं. यही चौक राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से भी जुड़ा है. उन्होंने कहा कि हर साल बरसात में यहां की स्थिति गंभीर हो जाती है, लेकिन अब तक इस समस्या की सुध नहीं ली गई.
बारिश के बाद दुकानों में घुसा पानी
रवि पोद्दार ने बताया कि बुधवार रात हुई बारिश के बाद पानी दुकानों में घुस गया. करीब 100 फीट तक सड़क पर घुटने भर पानी जमा रहा. गुरुवार सुबह भी चौक पर पानी भरा हुआ था, जिससे पैदल चलना मुश्किल हो गया. उन्होंने कहा कि नाली नहीं होने के कारण नया बाजार के लोगों और दुकानदारों को हर साल इसी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
