चाईबासा: भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव प्रिय रंजन के चाईबासा आगमन पर उपायुक्त मनीष कुमार ने परिसदन में पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया. संयुक्त सचिव ने जिले के विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, आईसीटी सुविधाओं और विद्यार्थियों के अनुभवों की जानकारी ली. पीएम श्री प्लस टू उत्क्रमित राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, चाईबासा पहुंचने पर छात्राओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका पारंपरिक स्वागत किया. उन्होंने कक्षा-कक्षों, पुस्तकालय, विज्ञान एवं आईसीटी प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर शिक्षकों और विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया.
जवाहर नवोदय विद्यालय समेत कई स्कूलों का निरीक्षण
संयुक्त सचिव ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, विष्टंपुर का भी निरीक्षण किया. यहां उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी लेने के साथ शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से बातचीत की. इसके बाद पीएम श्री माध्यमिक विद्यालय, टाटा कॉलेज कॉलोनी, पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय और पीएम श्री विद्यालय, असुरा का निरीक्षण किया गया. सभी विद्यालयों के भ्रमण के बाद समाहरणालय सभागार में पीएम श्री एवं उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विद्यालयों में संचालित गतिविधियों, संसाधनों और उनके प्रभावी उपयोग की जानकारी ली गई.
‘प्रोजेक्ट परख-तैयारी उड़ान’ जागरुकता वाहन रवाना
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी संयुक्त सचिव को अवगत कराया गया. इस दौरान उन्होंने ‘प्रोजेक्ट परख-तैयारी उड़ान’ के जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. गुब्बारे उड़ाकर विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया. प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल और जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार ने विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों, वर्तमान शैक्षणिक स्थिति और संचालित गतिविधियों की जानकारी दी. मौके पर शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
