चक्रधरपुर : आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र में तेज हो गई है. मंगलवार से पोड़ाहाट स्टेडियम में अनुमंडल स्तरीय परेड की रिहर्सल शुरू हो गई है. सुबह 9 बजे से एनसीसी कैडेट, बैंड दल एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अभ्यास में भाग लिया. रिहर्सल में कदमताल, सलामी, मार्चपास्ट और बैंड की तालमेल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. अनुमंडल प्रशासन के अनुसार 12 एवं 13 अगस्त को भी लगातार रिहर्सल होगी. 13 अगस्त को अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी स्वयं परेड का निरीक्षण करेंगी. उसी दिन ड्रेस रिहर्सल भी आयोजित की जाएगी.
ये विद्यालय लेंगे परेड में भाग
अनुमंडल स्तरीय परेड में मारवाड़ी प्लस टू उच्च विद्यालय, महात्मा गांधी उच्च विद्यालय, कार्मेल स्कूल, संत जेवियर्स स्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा कॉन्सेप्ट पब्लिक स्कूल के एनसीसी कैडेट एवं बैंड दल भाग ले रहे हैं. परेड को आकर्षक बनाने के लिए बैंड दलों को विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं.
सुबह 10:30 बजे होगा मुख्य समारोह
अनुमंडल स्तरीय मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को पोड़ाहाट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. पूर्वाह्न 10:30 बजे अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी तिरंगा फहराएंगी. इसके बाद परेड की सलामी ली जाएगी. विभिन्न विद्यालयों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे. सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए चक्रधरपुर क्षेत्र के अधिकतम 10 चयनित विद्यालयों को प्रस्तुति का अवसर दिया जाएगा. देशभक्ति गीत, नृत्य, समूहगान एवं लघु नाटिका जैसी प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगी.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा. इनमें जनगणना एवं एसआईआर कार्य से जुड़े कर्मी, नियमित रक्तदाता, मीडिया कर्मी तथा अन्य उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति शामिल रहेंगे. अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा.
