डायन के अंधविश्वास में 65 वर्षीय महिला पर हमला, बार-बार हो रही हिंसा से सहमा परिवार... जानें पूरी खबर

पश्चिमी सिंहभूम के दलकी गांव में अंधविश्वास के चलते 65 वर्षीय एक महिला को डायन बताकर जमकर पीटा गया. महिला गंभीर रूप से घायल है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. इस घटना से पूरा इलाका सहमा हुआ है.

चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना अंतर्गत आसनलतिया पंचायत के दलकी गांव में अंधविश्वास का एक अमानवीय मामला सामने आया है. यहां डायन-बिसाही का झूठा आरोप लगाकर कुछ लोगों ने 65 वर्षीय एक वृद्ध महिला के साथ घर में घुसकर जमकर मारपीट की. इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज फिलहाल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच चिंता का माहौल है.

मंगलवार रात की घटना, बुधवार सुबह बिगड़ी तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे की है. पीड़ित महिला की पहचान जगदीश महाली की पत्नी सुमोती महाली के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि आरोपी अचानक उनके घर पहुंचे और डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए सुमोती महाली के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे.

घटना के तुरंत बाद डर और सदमे के कारण महिला चुपचाप रही, लेकिन बुधवार अहले सुबह अचानक उनकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई. स्थिति की नजाकत को देखते हुए परिजन तुरंत उन्हें लेकर चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, महिला के शरीर पर अंदरूनी चोटें आई हैं और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है.

अस्पताल में इलाजरत महिला

नामजद आरोपियों पर पहले भी हो चुकी है मारपीट का आरोप

पीड़ित परिवार के सदस्यों ने इस अमानवीय घटना को लेकर कई लोगों के खिलाफ खुलकर आरोप लगाए हैं. परिजनों के मुताबिक, चिकनी मुंडारी, मिलु मुंडारी, बाया मुंडारी, मोटू, तुराम और राजू सहित अन्य लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है.

परिजनों ने यह भी खुलासा किया कि सुमोती महाली के साथ पहले भी दो बार इसी तरह की मारपीट की जा चुकी है. बार-बार हो रही इस तरह की प्रताड़ना और धमकियों के कारण 65 वर्षीय महिला और उनका पूरा परिवार गहरे भय और दहशत के साए में जीने को मजबूर है. उन्होंने स्थानीय प्रशासन से इन दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है.

अस्पताल पहुंची पुलिस, मामले की जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस बल के जवान सीधे चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती घायल महिला सुमोती महाली से मुलाकात कर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अंधविश्वास के नाम पर कानून अपने हाथ में लेने वालों और मारपीट करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि शंकर मोहंती

रवि शंकर मोहंती तकरीबन 18 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में एमए किया है. ग्रामीण पत्रकारिता के क्षेत्र में इनकी पकड़ अच्छी है. डिजिटल जर्नलिज्म में नौ साल का अनुभल है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >