Chaibasa News : मांगें नहीं मानीं, तो 25 को आर्थिक नाकेबंदी

गुवा­: सेल प्रबंधन के खिलाफ संयुक्त यूनियनों का प्रदर्शन

गुवा.

गुवा सेल प्रबंधन के खिलाफ संयुक्त यूनियनों ने गुरुवार की शाम 4:30 बजे जनरल ऑफिस के समक्ष नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया. चेतावनी दी कि मांगों पर एक सप्ताह में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो 25 अक्तूबर को गुवा सेल में आर्थिक नाकेबंदी की जायेगी. यूनियन नेताओं ने कहा कि गुवा सेल प्रबंधन लगातार मजदूरों और यूनियन को झूठे आश्वासन देकर भ्रमित कर रहा है. अब लड़ाई आर या पार की होगी. यूनियनों की मांगों में गुवा सेल में 19 बाहरी लोगों की प्रस्तावित बहाली रद्द करने और स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर देने, सफाई कर्मियों का रविवारीकरण किया जाये तथा जिन विभागों में रविवार को कार्य बंद है, उन्हें पुनः शुरू किया जाये, ठेका मजदूरों की वार्षिक छुट्टी पांच दिन से बढ़ाकर 10 दिन की जाये, रात्रि भत्ता 45 रुपये से बढ़ाकर 90 रुपये हो, फाइंस डिस्पैच मद में मिलने वाली राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 किया जाये, जिन ठेका कर्मियों ने अपने आश्रितों को काम सौंप दिया है, उनके आवास आश्रितों के नाम आवंटित किये जायें, कुशलता आधारित अपग्रेडेशन (अकुशल से अर्धकुशल व अर्धकुशल से कुशल) शीघ्र किया जाये, जिन ठेका कर्मियों को रिट्रेंचमेंट बेनिफिट, ए डब्ल्यू राशि और मेडिकल बुक नहीं मिली है, उन्हें उपलब्ध करायें, लंबित मेडिकल बिल का भुगतान शीघ्र हो, पेंशन भुगतान 58 वर्ष की आयु से लागू हो, सेवानिवृत्त कर्मियों का लंबित पीएफ व ग्रेच्युटी भुगतान किया जाये और रेफरल चिकित्सा के यात्रा भत्ता का भुगतान हो. प्रदर्शन में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक), सीटू, झारखंड मजदूर मोर्चा यूनियन सहित कई जनप्रतिनिधि, पांच गांवों के मुंडा-मानकी, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >