सिंगपोखरिया-झींकपानी मार्ग पर गलत पार्किंग करने वाले 30 वाहनों पर जुर्माना
Copied link
प्रशिक्षु आइपीएस और डीटीओ के नेतृत्व में चला अभियान
चाईबासा.
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मंगलवार को सिंगपोखरिया-झींकपानी मार्ग पर प्रशासनिक जांच अभियान चलाया गया. प्रशिक्षु आइपीएस राज कुमार जयाराजू के नेतृत्व में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) गौतम कुमार, सदर एसडीपीओ बहामन टूटी और झींकपानी थाना प्रभारी राजीव रंजन की संयुक्त टीम ने मार्ग का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान गलत और खतरनाक ढंग से सड़क पर वाहन खड़े करने वाले 30 भारी वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया.मौके पर प्रशिक्षु आइपीएस राज कुमार जयाराजू ने भारी वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए चालक अपने वाहनों को मुख्य सड़क से नीचे सुरक्षित स्थान पर पार्क करें. दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए ट्रैफिक लाइन के विपरीत (दूसरे साइड) पार्किंग न करें और एक तरफ के रास्ते को हमेशा क्लियर रखें.वहीं, डीटीओ गौतम कुमार ने चेतावनी दी कि बार-बार नियम तोड़ने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जायेगा. सदर एसडीपीओ बहामन टूटी ने स्पष्ट किया कि यदि खतरनाक पार्किंग के कारण कोई सड़क दुर्घटना होती है, तो चालकों के साथ-साथ वाहन मालिकों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अतुल पाठक ने दून ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून से मास्टर डिग्री पूरी की है. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब तीन वर्षों का अनुभव है. पिछले दो वर्षों से वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और कोल्हान क्षेत्र की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के साथ काम करने का अनुभव है. स्थानीय मुद्दों, जनसरोकार और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. पत्रकारिता के अलावा उन्हें क्रिकेट में विशेष रुचि है.