Chaibasa News : घने कोहरे की गिरफ्त में पश्चिमी सिंहभूम

दोपहर तक नहीं हुए सूर्य के दर्शन

चाईबासा.

पश्चिमी सिंहभूम जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. बीते कुछ दिनों से लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. रविवार को चाईबासा का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह से दोपहर तक सूर्य के दर्शन नहीं हुए. ठंड बढ़ने से लोग घरों में दुबके रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. सुबह से ही जिले के ज्यादातर हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा. दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर चलना पड़ा. कोहरे की वजह से ठंड और अधिक बढ़ गयी है. चौक-चौराहों, बाजारों और बस स्टैंडों पर लोग अलाव तापते नजर आए. जिला प्रशासन ने ठंड से राहत के लिए चाईबासा के बस स्टैंड, पोस्ट ऑफिस चौक, बड़ी बाजार व यशोदा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है.

ग्रामीण इलाकों में भी बढ़ी कड़ाके की ठंड

तांतनगर और मंझारी प्रखंड क्षेत्रों में रविवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन की ओर से अबतक न तो अलाव की व्यवस्था की गयी है और न ही कंबल वितरण किया गया है.

कोहरे की आगोश में जैंतगढ़

रविवार अहले सुबह से जैंतगढ़ और आसपास के इलाके घने कोहरे की चादर में लिपटे रहे. बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी और सर्द हवाओं ने वातावरण को और ठंडा कर दिया. दोपहर तक अंधकार छाया रहा. दृश्यता इतनी कम थी कि 10 फीट दूर की चीजें भी साफ दिखायी नहीं दे रहीं थीं. दुकानदारों ने बाजार छोड़ आग तापते दिखे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >