मनोहरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के घाघरा हॉल्ट के स्थलीय निरीक्षण के दौरान मंगलवार को स्थानीय यात्रियों और ग्रामीणों ने मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया को जनहित ज्ञापन सौंपकर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की. ग्रामीणों ने हॉल्ट के मध्य भाग में अतिरिक्त फुटओवरब्रिज समेत पेयजल, शौचालय, यात्री शेड, प्रकाश और ट्रेन उद्घोषणा की व्यवस्था कराने की मांग की. ज्ञापन में कहा गया कि घाघरा हॉल्ट आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और यात्री यहां से रेल सेवा का उपयोग करते हैं. वर्तमान में हॉल्ट पर उपलब्ध फुटओवरब्रिज प्लेटफॉर्म के अंतिम छोर पर है. इससे प्लेटफॉर्म बदलने के लिए यात्रियों को अधिक दूरी तय करनी पड़ती है.
कम ठहराव वाली ट्रेनों के दौरान यात्रियों को होती है परेशानी
कम ठहराव वाली ट्रेनों के दौरान यात्रियों को विशेष परेशानी होती है. ऐसे में हॉल्ट के मध्य भाग में अतिरिक्त फुटओवरब्रिज बनाने की मांग की गई. इसके अलावा ग्रामीणों ने हॉल्ट पर स्वच्छ पेयजल, महिला एवं पुरुष शौचालय, यात्रियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और यात्री शेड उपलब्ध कराने की मांग की. प्लेटफॉर्म में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई तथा ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान की उद्घोषणा और डिस्प्ले व्यवस्था शुरू करने की मांग भी रखी गई. यात्रियों का कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और दूरदराज के गांवों से आने वाले यात्रियों को परेशानी होती है. प्रकाश और सूचना व्यवस्था को यात्रियों की सुविधा के साथ सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बताया गया.
ज्ञापन सौंपने के दाैरान ये थे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान घाघरा हॉल्ट के यात्री हॉल्ट एजेंट (PHA) मधुसूदन महतो के अलावा लखींद्र महतो, बासुदेव महतो, शिशिर शंख महतो, सीमा महतो, गुरुवारी देवी, सुलोचना देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और यात्री मौजूद थे. डीआरएम ने बताया कि रेलवे की ओर से स्टेशनों और हॉल्टों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं तथा उनके विकास को लेकर निरीक्षण किया जा रहा है.स्थानीय लोगों की ओर से यात्री सुविधाओं से संबंधित समस्याओं और मांगों को ज्ञापन के माध्यम से सामने रखना उपयोगी है.उन्होंने सुविधाओं के विकास को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया.ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि स्थलीय निरीक्षण और ज्ञापन के बाद घाघरा हॉल्ट पर अतिरिक्त फुटओवरब्रिज समेत अन्य यात्री सुविधाओं के विकास की दिशा में जल्द ठोस पहल होगी.
